Advertisement

श्रद्धा व् भक्ति के साथ मनाया गया छठ महापर्व का दूसरा अनुष्ठान खरना

छठ व्रतियों ने ग्रहण किया गुड़ के खीर का प्रसाद

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। लोक आस्था और सूर्योपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा का दूसरा अनुष्ठान खरना 14 नवंबर की संध्या पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छठ व्रतियों ने पूरे विधि-विधान और पवित्रता के साथ खरना का अनुष्ठान संपन्न किया।

इस दौरान व्रतियों ने दिनभर निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को स्नान कर भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इसके बाद पारंपरिक तरीके से गुड़ की खीर, रोटी और अन्य प्रसाद तैयार कर भगवान को भोग लगाया। पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण किया और परिवार के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया।

खरना अनुष्ठान के साथ ही छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया है। अब 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इधर, खरना को लेकर बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट स्थित दर्जनों रहिवासियों के घरों और मोहल्लों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। हर ओर छठी मैया के गीत गूंज रहे हैं और श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ महापर्व की तैयारियों में जुटे हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *