रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में मंगल चंडी तिरंगा चौक कसमार में होमगार्ड बहाली को लेकर 14 नवंबर बैठक की गयी। आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में क्षेत्र के छात्र-छात्रा शामिल हुए।
इस अवसर पर उपस्थित अभ्यर्थियों ने बताया कि बोकारो जिला होमगार्ड बहाली में कसमार प्रखंड के लिए पुरुषों की मात्र 1 सीट जबकि महिलाओं की कोई सीट निर्धारित नहीं की गई है। छात्रों ने सवाल उठाया कि जब सरकार द्वारा महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही जाती है, तो कसमार की महिलाओं के लिए एक भी सीट क्यों नहीं है? उन्होंने बहाली नोटिफिकेशन के पॉइंट नंबर-2 का हवाला देते हुए कहा कि इसमें सीटों की संख्या घटाने या बढ़ाने का प्रावधान है। इसी आधार पर अभ्यर्थियों ने पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों की सीटें बढ़ाने की मांग की।
इसके अलावा छात्रों ने शहरी और ग्रामीण अभ्यर्थियों के लिए दौड़ के समय में अंतर पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि ग्रामीण अभ्यर्थियों को 1600 मीटर दौड़ के लिए 6 मिनट, जबकि शहरी अभ्यर्थियों को 8 मिनट का समय दिया जाता है। जब दोनों की ड्यूटी और मानदेय समान है, तो दौड़ के लिए समय भी समान होना चाहिए। इसलिए दोनों वर्गों के लिए समान समय निर्धारित करने की मांग की गई।
अभ्यर्थियों ने स्पष्ट कहा कि कसमार प्रखंड की होमगार्ड बहाली में पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों की सीटों में बढ़ोतरी की जाए। यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो वे सीट बढ़ाने और वर्तमान बहाली प्रक्रिया को रद्द करने की मांग को लेकर सड़क पर उतरेंगे तथा जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। साथ ही संबंधित मंत्री, विधायकों एवं नेता प्रतिपक्ष से मुलाकात कर अपनी मांगों को रखेंगे।
![]()













Leave a Reply