Advertisement

बाल दिवस पर डीसी और एसपी ने पंडित नेहरू की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को बोकारो में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस मौके पर जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा ने पत्थरकट्टा चौक स्थित पं. नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें नमन किया।

गौरतलब है कि पंडित जवाहरलाल नेहरू को आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान के लिए याद किया जाता है। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण उनकी जयंती 14 नवंबर को पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है।
इस अवसर पर उनके विचारों, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया। बाल दिवस बच्चों के अधिकारों, बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के प्रति समाज की जिम्मेदारी का संदेश भी देता है।

बच्चों की मुस्कान और उनकी खिलखिलाहट के बीच बाल दिवस का उत्सव उस वक्त और खास हो गया, जब जिला उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा नन्हे-मुन्नों के बीच पहुंचे। अधिकारियों ने मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बजरंगटोला, लहामगद, पंचायत-बांसगोड़ा पूर्वी, प्रखंड-चास में बच्चों के साथ आत्मीयता एवं उल्लास के साथ बाल दिवस मनाया।

इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें बाल दिवस मनाने के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को याद करते हुए कहा कि बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू* कहते थे। उनका बच्चों के प्रति अगाध स्नेह था। उनका मानना था कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उनके विचार, आदर्श और बच्चों के प्रति उनका प्रेम आज भी हम सभी को प्रेरित करता है।

उन्होंने बच्चों को पं. नेहरू के जीवन, उनके योगदान एवं देश के विकास में उनके द्वारा किए गए महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी दी। साथ ही उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने, मन लगाकर पढ़ाई करने, अच्छे संस्कार अपनाने और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने को प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान डीसी एवं एसपी ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके बीच चॉकलेट वितरित की। अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चे भी काफी उत्साहित एवं खुश नजर आए। बच्चों की मुस्कान, उत्साह और उमंग ने पूरे वातावरण को खुशनुमा बना दिया। अधिकारियों ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई एवं गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली।

बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों के प्रति स्नेह, अपनत्व और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता का आत्मीय उदाहरण बना। मौके पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता समेत अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *