अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर सारण जिला के हद में हरिहरक्षेत्र सोनपुर स्थित सुप्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति की ओर से सामाजिक सरोकार और धार्मिक परंपराओं के निर्वहन की सराहनीय पहल की गई।
जानकारी के अनुसार समिति के तत्वावधान में 13 नवंबर को छठ व्रतियों के बीच पूजा सामग्री यथा सूप, नारियल, गागर, नींबू, चावल, गुड़ एवं छठ व्रती माताओं-बहनों के लिए साड़ी का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में सौ से अधिक स्थानीय श्रद्धालु और छठ व्रती शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष प्रमोद मुकेश ने कहा कि छठ महापर्व शुद्धता, आस्था और सामूहिक सहयोग का प्रतीक है। न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’ ने कहा कि समिति का हमेशा से यह प्रयास रहा है कि वह अपनी सनातन और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ समाज के हर वर्ग के सुख-दु:ख में मजबूती से खड़ी रहे।
स्थानीय समाजसेवी विनोद सम्राट ने कहा कि जन हितैषी सामाजिक संकल्प को पूरा करते हुए समिति द्वारा छठ व्रतियों की सेवा के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया है। सांसद प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता राकेश सिंह ने इस पहल को छठी मैया के चरणों में एक छोटा-सा समर्पण बताया।

वितरण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र के सभी व्रती बिना किसी आर्थिक या व्यावहारिक कठिनाई के पूरी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ इस चार दिवसीय महाव्रत को संपन्न कर सकें। पूजा सामग्री प्राप्त करने के बाद छठ व्रतियों और स्थानीय रहिवासियों ने न्यास समिति के इस कदम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में छठ के पारंपरिक गीतों और समिति के इस सेवा-भाव से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
मौके पर न्यास समिति के पदाधिकारीगण और सदस्य चंद्रभूषण तिवारी, कृष्णा प्रसाद, मुख्य अर्चक सुशील चंद्र शास्त्री, पवन शास्त्री, सदानंद पांडेय, गजेंद्र पांडेय, शशि मिश्र, ब्रजेश कुमार ‘गुड्डू’, विनय बाबा और नंद बाबा के साथ मंदिर के कर्मचारीगण व्यवस्था बनाने में सक्रिय रूप से जुटे रहे।
![]()













Leave a Reply