Advertisement

समाजसेवी भवानी शंकर जायसवाल का निधन, सामाजिक एवं शैक्षणिक जगत में शोक

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर रहिवासी एवं बोकारो के प्रतिष्ठित समाजसेवी भवानी शंकर जायसवाल का 13 नवंबर को ब्रह्म मुहूर्त में को-ऑपरेटिव कॉलोनी स्थित आवास पर निधन हो गया। वे पिछले कुछ वर्षों से ब्लड कैंसर से पीड़ित थे।

जानकारी के अनुसार 84 वर्ष की उम्र में उनके निधन की खबर से बोकारो एवं कसमार क्षेत्र में शोक की लहर है। स्व. जायसवाल सेल के बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में नगर प्रशासक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यों में सक्रिय रहे। वे डीएवी स्कूल के वाइस चेयरमैन तथा आशालता विकलांग विकास केंद्र के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। भारत विकास परिषद की दक्षिण शाखा के भी संस्थापक सदस्य रहे।

दिवंगत जायसवाल लगभग 30 वर्षों से रोटरी बोकारो से जुड़े थे और वर्ष 2011-12 में क्लब के अध्यक्ष भी रहे। शिक्षा, समाजसेवा एवं मानव कल्याण के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। भारत विकास परिषद बोकारो दक्षिण शाखा ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।

शोक व्यक्त करने वाले में कसमार प्रखंड प्रमुख नीयोती कुमारी, समाजसेवी ज्ञानेश जायसवाल, पूर्व जिला परिषद सदस्य विमल जायसवाल, कांग्रेसी नेता सूरज लाल सिंह, संजय जयसवाल, पंकज जयसवाल, गौतम कुमार, मुखिया विजय कुमार जायसवाल आदि प्रबुद्धजन शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *