अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। लोक आस्था के महापर्व छठ के चार दिवसीय अनुष्ठान के तीसरे दिन 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसे लेकर बिहार के सारण जिले में छठ घाटों को अंतिम रूप देने की तैयारी तेज हो गई है। शहर से लेकर गांव तक घाटों की साफ-सफाई, सजावट और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय रहिवासियों के साथ जिला प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी से जुटा है, ताकि पर्व स्वच्छ, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
इसी क्रम में सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रौशन कुमार ने 14 नवंबर को जिले के दर्जनों छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारीद्वय ने जिला के हद में दिघवारा प्रखंड के आमी एवं शीतलपुर, दरियापुर प्रखंड के पट्टी पुल क्षेत्र तथा सोनपुर अनुमंडल के सबलपुर, काली घाट और पहलेजा घाट सहित विभिन्न घाटों का जायजा लिया।
बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, संपर्क मार्गों, चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला व्रतियों की सुविधा और निजता के लिए पर्याप्त चेंजिंग रूम बनाए जाएं। नदी एवं जलाशयों में खतरनाक और गहरे स्थानों को चिह्नित कर मजबूत बैरिकेडिंग की जाए।
डीएम और एसएसपी ने घाटों एवं आवागमन मार्गो पर पर्याप्त रोशनी, सुगम आवागमन तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन का लक्ष्य छठ महापर्व को पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है।
![]()













Leave a Reply