Advertisement

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर मंथन, जिम्मेदार पत्रकारिता और मीडिया की विश्वसनीयता पर जोर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राष्ट्रीय प्रेस दिवस पखवारा के अवसर पर 20 नवंबर को बोकारो जिला के हद में चास स्थित होटल क्लार्क्स इन में जिम्मेदार पत्रकारिता बनाम लोकलुभावन पत्रकारिता विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और जिले के वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकारिता की स्वतंत्रता, निष्पक्षता, विश्वसनीयता, फेक न्यूज तथा सोशल मीडिया की चुनौतियों पर विचार साझा किए।

इस अवसर पर जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि पत्रकारिता का आधार तथ्यपरकता और निष्पक्षता है। पत्रकार का दायित्व निर्णय सुनाना नहीं, बल्कि वास्तविक तथ्यों को समाज के सामने रखना है। प्रशासन और मीडिया का साझा उद्देश्य आमजनों का हित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया द्वारा उठाई गई जनसमस्याएं प्रशासनिक सुधार का महत्वपूर्ण माध्यम है। एसपी नाथू सिंह मीणा ने संवेदनशील मामलों में संयम, कानूनी प्रावधानों के पालन और आत्मनियमन पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि भ्रामक सूचनाएं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकती है। डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने मीडिया को प्रशासन की आंख और कान बताते हुए कहा कि दूर-दराज की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका है। प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने पारदर्शी संवाद की आवश्यकता बताई। परिचर्चा में जिले के वरिष्ठ पत्रकार अजय अश्क, विजय झा, राहुल, कौस्तुभ मलयज, दिनेश पांडेय, रजत नाथ, मृत्युंजय मिश्रा सहित अन्य पत्रकारों ने विचार रखे। उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार ने अतिथियों का स्वागत एवं कार्यक्रम का संचालन किया।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *