समारोह में विकास और संस्कृति की दिखेगी झलक
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में ललपनिया में आयोजित होने वाले झारखंड स्थापना दिवस समारोह को लेकर जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने 20 नवंबर को एनआईसी कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जिला स्तरीय प्रदर्शनी को आकर्षक, रोचक एवं जानकारीपरक बनाने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि समारोह में बोकारो की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाए। प्रदर्शनी में जनजातीय कला, पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत, लोकनृत्य एवं जनजातीय संस्कृति के लिए विशेष कॉर्नर बनाया जाएगा।
समारोह में विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं, सड़क, पुल-पुलिया, आधारभूत संरचना, बैंकिंग उपलब्धियों, ऋण वितरण और वित्तीय समावेशन की जानकारी भी प्रदर्शित होगी। कहा कि बीते 15 नवंबर से आगामी 24 नवंबर तक आयोजित गतिविधियों, विद्यालयों की प्रतियोगिताओं और खेलकूद कार्यक्रमों के फोटोग्राफ भी लगाए जाएंगे।
उन्होंने प्रखंड स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित कर उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन करने तथा पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों, बैंकों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मौके पर डीडीसी शताब्दी मजूमदार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply