Advertisement

भाजयुमो नेता के हमलावरों की गिरफ्तारी को ले कसमार थाना पर जोरदार प्रदर्शन

प्रहरी संवाददाता​/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में ​कसमार प्रखंड के खैराचातर रहिवासी भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश मीडिया प्रभारी अजय भारती पर बीते दिनों हुए हमले के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बीते 19 नवंबर को भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कसमार थाना के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार प्रदर्शन से पूर्व भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला और नारेबाजी करते हुए थाना पहुंचे। कार्यकर्त्ता इस दौरान थाना के मुख्य द्वार के समक्ष धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस-प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया।

​ इस अवसर पर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ​शशांक राज ने कहा कि अजय भारती पर हुआ हमला बेहद गंभीर और निंदनीय है। इस मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए। कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर ठोस कार्रवाई और गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बेरमो के पूर्व विधायक ​योगेश्वर महतो बाटुल ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है, लेकिन हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी दोषियों को शीघ्र सलाखों के पीछे भेजा जाए। भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष ​सुरेंद्र राज ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों पर इस तरह के हमले को लेकर भाजपा चुप नहीं बैठेगी। प्रशासन को निष्पक्ष व त्वरित कार्रवाई करते हुए शेष आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार करना चाहिए।

भाजयुमो बोकारो ​जिलाध्यक्ष बिनोद कुमार ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इस मामले को लेकर पूरी तरह एकजुट हैं। कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर चरणबद्ध तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा। कसमार मंडल अध्यक्ष ​सुरेंद्र महतो ने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए अपराधियों पर सख्त कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। खैराचातर मंडल अध्यक्ष ​आनंद कुमार महतो ने कहा कि खैराचातर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।

पुलिस को बिना किसी दबाव के सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्याय सुनिश्चित करना चाहिए। खैराचातर मंडल महामंत्री ​अनीश जायसवाल ने कहा कि यदि निर्धारित समय में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं की गई, तो खैराचातर मंडल के कार्यकर्ता बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ​मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कुंदन कुमार प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और उनसे वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जल्द कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों पर पुलिस से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई। प्रदर्शन के दौरान भाजपा एवं भाजयुमो नेताओं ने वर्तमान झारखंड सरकार एवं पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। मौके पर बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, महिला-पुरुष कार्यकर्ता एवं युवा मोर्चा के सदस्यगण मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *