क्षेत्र के सर्वांगीण विकास व बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता-विनय कपूर
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दुर्गापुर पंचायत अंतर्गत ग्राम डुंडाडीह में ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी करते हुए 20 नवंबर को सौ केवीए के नए विद्युत ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया गया। राज्य के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के पुत्र विनय कपूर ने विधिवत फीता काटकर व पूजा-अर्चना कर ट्रांसफार्मर का शुभारंभ किया।
डुंडाडीह में नए ट्रांसफार्मर के लग जाने से स्थानीय ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। लंबे समय से गांव में बिजली की अनियमित आपूर्ति और लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई और किसानों के कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे थे।
उद्घाटन के मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री पुत्र सह झामुमो नेता विनय कपूर ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और बुनियादी सुविधाओं को अंतिम पायदान तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
कहा कि डुंडाडीह के ग्रामीण लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे थे। सौ केवीए का यह नया ट्रांसफार्मर लगने से अब गांव की बिजली व्यवस्था सुदृढ़ होगी और रहिवासियों को निर्बाध बिजली मिल सकेगी। कहा कि भविष्य में भी वे जन समस्या के समाधान के लिए तत्पर हैं। क्षेत्र के ग्रामीणों ने इस पहल के लिए मंत्री और उनके पुत्र के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना था कि नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से अब बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, झामुमो कार्यकर्ता सहित काफी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply