Advertisement

डुमरी को जिला का दर्जा दिलाने की मांग तेज, सांसद को सौंपा ज्ञापन

जिप सदस्य के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने उठाई आवाज, पूर्व विधायक भी रहे मौजूद

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। गिरिडीह जिला के हद में डुमरी को जिला का दर्जा दिलाने की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने जिला परिषद सदस्य बैजनाथ महतो के नेतृत्व में 7 सितंबर को गिरिडीह सांसद को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान गोमिया के पूर्व विधायक सह आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव डॉ लंबोदर महतो भी मौजूद रहे।

क्षेत्रवासियों ने डुमरी को जिला बनाए जाने की मांग को जन भावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए इसे सरकार के समक्ष मजबूती से उठाने की अपील की। क्षेत्रवासियों का कहना है कि डुमरी को जिला का दर्जा मिलने से प्रशासनिक सेवाएं आम जनों के और करीब आएंगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

कहा गया कि वर्तमान में जिला मुख्यालय गिरिडीह से दूरी के कारण यहां के रहिवासियों को विभिन्न प्रशासनिक कार्यों के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में डुमरी को जिला बनाए जाने की मांग लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख जन आकांक्षा बनी हुई है। मौके पर जिला परिषद सदस्य बैजनाथ महतो ने कहा कि डुमरी को जिला का दर्जा दिलाना क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग है। कहा कि यह केवल प्रशासनिक पुनर्गठन का विषय नहीं, बल्कि आम जनों की सुविधा, सम्मान और क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं को देखते हुए इस मांग को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाना चाहिए।

पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि डुमरी को जिला बनाने की मांग पूरी तरह जनहित से जुड़ा मामला है। कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और बढ़ती आबादी को देखते हुए यहां जिला मुख्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही है। जिला बनने से प्रशासनिक कार्यों में क्षेत्रवासियों को सुविधा मिलेगी और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि इस जायज मांग को उचित मंच पर मजबूती से उठाया जाएगा।

सांसद ने कहा कि डुमरी को जिला बनाने की मांग केवल प्रशासनिक पुनर्गठन का विषय नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षा, सुविधा और बेहतर विकास की उम्मीद से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। जिला बनने से क्षेत्र के रहिवासियों को प्रशासनिक सेवाओं की बेहतर उपलब्धता के साथ-साथ विकास कार्यों को नई गति मिलने की भी उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया है कि डुमरी की जनभावनाओं और जायज मांग को उचित मंच पर मजबूती के साथ रखने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। कहा कि आमजनों की आवाज को सदन और सरकार तक पहुंचाना ही जनप्रतिनिधि के रूप में उनका संकल्प है। क्षेत्र के अधिकार, सम्मान और विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता सदैव जारी रहेगी। सांसद को ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। रहिवासियों ने उम्मीद जताई कि जनभावनाओं से जुड़ी इस मांग पर सरकार गंभीरता से विचार करते हुए डुमरी को जिला का दर्जा देने की दिशा में सकारात्मक पहल करेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *