एस. पी. सक्सेना/बोकारो। देश के प्रथम उप राष्ट्रपति एवं दूसरे राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस (शिक्षक दिवस) के उपलक्ष्य में डॉ राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स बोकारो के तत्वावधान में एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल (सेक्टर चार एफ बोकारो) में बीते 3 सितंबर को शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस प्रतिष्ठित समारोह में जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा के दो शिक्षकों को सम्मानित किया गया। अध्ययन व् विद्यालयी कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन को लेकर डीएवी कथारा के शिक्षक राकेश रंजन एवं शिक्षिका कुमारी ज्योति को उनके अप्रतिम शैक्षणिक योगदान हेतु राज्य स्तरीय गुरु वशिष्ठ अवार्ड से अलंकृत किया गया।
जानकारी देते हुए डीएवी कथारा के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने 7 सितंबर को बताया कि उक्त सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तरी छोटानागपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने उपरोक्त दोनों उत्कृष्ट शिक्षकों को यह सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के महासचिव सह डीएवी झारखंड जोन आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष क्षेत्र के 32 विभिन्न विद्यालयों से चयनित कुल 61 उत्कृष्ट शिक्षकों को उनकी निष्ठा, उत्कृष्ट अध्यापन शैली और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान के लिए गुरु वशिष्ठ सम्मान से नवाजा गया है।

उल्लेखनीय है कि गुरु वशिष्ठ अवार्ड हेतु शिक्षकों का नामांकन विद्यालय स्तर पर उनकी पठन-पाठन क्षमता, शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक गतिविधियों, समर्पण भाव तथा विद्यालय के समग्र विकास में उनके बहुमूल्य योगदान का गहन मूल्यांकन करने के पश्चात किया गया था। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार का नाम महर्षि वशिष्ठ जो मर्यादा पुरषोत्तम भगवान श्रीराम के गुरु थे के नाम पर रखा गया है, जो शिक्षक के सर्वोच्च मार्गदर्शक और राष्ट्र निर्माता रूप को रेखांकित करता है।
सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के प्राचार्य सह- झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने कहा कि शिक्षकों की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण का परिणाम है, बल्कि संपूर्ण विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है। कहा कि एक उत्कृष्ट शिक्षक केवल पाठ्य पुस्तक हीं नहीं पढ़ाता, बल्कि वह विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, चरित्र निर्माण और दूरदर्शी सोच का बीजारोपण करता है। गुरु वशिष्ठ जैसे महान आदर्शों पर चलते हुए उपरोक्त शिक्षकों ने जिस निष्ठा से राष्ट्र निर्माण में कार्य कर रहे हैं, वह वंदनीय है। कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि यह सम्मान पूरे शिक्षण संस्थान को नई ऊर्जा, प्रेरणा और गुणवत्ता के नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित करेगा।
विद्यालय के शिक्षकों की इस गरिमामयी उपलब्धि पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, बी. के. दसौंधी, असित कुमार गोस्वामी, तेजो मित्रा पाठक, रितेश कुमार, आराधना, रेखा कुमारी, वीना कुमारी, मधुमालिका उपाध्याय सहित समस्त विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त किया है।
![]()













Leave a Reply