Advertisement

एक घंटे की बारिश में पानी-पानी समस्तीपुर शहर, कई मोहल्लों में जल-जमाव

भाकपा माले ने नगर निगम पर जलनिकासी मद में करोड़ों की लूट का लगाया आरोप

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। बिहार के समस्तीपुर में महज एक घंटे की बारिश ने नगर निगम की तैयारियों और जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

बताया जाता है कि 10 जुलाई को हुई घंटे भर की बारिश के बाद शहर के काशीपुर, विवेक विहार, आजाद नगर, आदर्श नगर, सरोजनी गली, बारह पत्थर सहित कई मोहल्लों की सड़कें जलमग्न हो गईं। सड़कों पर पानी भर जाने से राहगीरों एवं रहिवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

भाकपा माले के जिला कमिटी सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने शहर में उत्पन्न जल-जमाव की स्थिति के लिए नगर निगम की लापरवाही और भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि जलनिकासी, सड़क एवं नाला निर्माण के नाम पर नगर निगम द्वारा करोड़ों रुपये खर्च किए जाने का दावा किया जाता है, लेकिन पहली ही बारिश में शहर की सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती है। इससे स्पष्ट है कि विकास योजनाओं में व्यापक अनियमितता और भ्रष्टाचार हुआ है।

माले नेता सिंह ने आरोप लगाया कि नगर निगम क्षेत्र में नालों की समुचित सफाई नहीं होने तथा जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था नहीं रहने के कारण हर वर्ष बारिश के दौरान रहिवासियों को जल-जमाव की समस्या झेलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है।

भाकपा माले नेता ने समस्तीपुर के जिलाधिकारी से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा नगर निगम के आयुक्त, मेयर, उपमेयर, संबंधित पार्षदों, जेई एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही शहर में स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *