Advertisement

झरिया के लक्ष्मण वाटिका में कोयलांचल नागरिक मंच की बैठक

प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। धनबाद जिला के हद में केला पट्टी के लक्ष्मण वाटिका झरिया में झरिया कोयलांचल नागरिक मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक 10 जुलाई को आयोजित की गयी। बैठक में झरिया के अति ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की गयी।

इस अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख मुद्दों को लेकर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि झरियावासी हमेशा अपने कर्तव्यों का पालन करते रहे हैं। बावजूद इसके झरिया वासियों के साथ हमेशा अन्याय होता रहा है। कहा गया कि एक तरफ आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा बड़े-बड़े ओबी के पहाड़ खड़े कर दिए गए हैं। कोयला चोरों द्वारा अवैध उत्खनन कर पूरे क्षेत्र को खोखला कर रहिवासियों के जीवन को असुरक्षित कर दिया गया है। दूसरी तरफ विभिन्न सरकारी एजेंसियों द्वारा अपने अधिकार का नाम लेकर विभिन्न तरह के टैक्स लेने के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।

जबकि नागरिक सुविधा के नाम पर सुविधा नगन्य है। जनता इन सारी परिस्थितियों से परेशान है। अब उनके पास जीवित रहने का कोई विकल्प नही दिख रहा है। उन्हें लगता है कि शायद भारत के संविधान से हम अलग हैं। कहा गया कि भारत के संविधान ने सबको जीने का अधिकार दिया है। झरियावासी उससे वंचित है। अगर ऐसा नहीं होता तो विभिन्न सरकारी एजेंसियों द्वारा इस तरह का अत्याचार नहीं होता।

इसलिए सामूहिक रूप से निर्णय लिया गया है कि हम अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे, पर हमें अपना अधिकार भी पूर्ण रूप से चाहिए और हमारे साथ न्याय होना चाहिए। इसके लिए झरियावासी एकजुट होकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद, मेयर, विधायक, उपायुक्त, नगर आयुक्त एवं बीसीसीएल के सीएमडी को अपने न्याय के लिए पत्राचार करेंगे और आग्रह करेंगे कि उनके साथ न्याय किया जाए।

वक्ताओं ने कहा कि इन सारे अधिकार को पाने के लिए हम आंदोलन की रूप रेखा भी तैयार किए हैं। जिसमें धरना- प्रदर्शन और राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री को हस्ताक्षर युक्त अभियान चलाकर ज्ञापन भेजने और झरिया की वस्तु स्थिति से अवगत कराना शामिल हैं। कहा गया कि डीएमएफटी फंड का निर्माण खनन क्षेत्र में या औद्योगिक क्षेत्र में वहां के स्थानीय एवं अगल-बगल के रहने वाले लोगों को होने वाली असुविधाओं एवं उनके सुरक्षा के लिए इस्तेमाल करके उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सके लेकिन इसका इस्तेमाल झरिया में नहीं हो रहा है।

मौके पर मुख्य रूप से राजकुमार अग्रवाल, रमेश कुमार अग्रवाल, अमित साहू उर्फ दीपू साहू, डॉ मनोज सिंह, चंद्र प्रकाश चौंखानी, नंदकिशोर सिंह, शैलेंद्र सिंह, अशोक प्रसाद वर्णवाल, नवीन केसरी, मनोज साहू, एमपी गुप्ता, गोपाल कृष्ण त्यागी, रामचंद्र पासवान, राजेश श्रीवास्तव, पार्थो प्रमाणिक आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *