Advertisement

एसएसपी ने किया सोनपुर व् हरिहरनाथ थाना का औचक निरीक्षण

दिया लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विनीत कुमार ने 6 अगस्त को जिला के हद में सोनपुर नगर के दो प्रमुख थानों सोनपुर एवं हरिहरनाथ थाना का औचक निरीक्षण कर लंबित कांडों की समीक्षा की।

जानकारी के अनुसार एसएसपी के हरिहरनाथ थाना परिसर पहुंचने पर उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा उन्हें विधिवत गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) दी गई। इसके बाद उन्होंने थाना की कार्य प्रणाली, विधि- व्यवस्था संधारण, लंबित कांडों की प्रगति, अभिलेखों के संधारण, मालखाना, हाजत, शस्त्रागार, सीसीटीवी व्यवस्था, आगंतुक पंजी, थाना परिसर की स्वच्छता एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने थाने में पदस्थापित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, नियमित वाहन जांच, अपराध नियंत्रण, रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा आमजन की शिकायतों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को जनता के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने, थाना परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने तथा प्रत्येक पुलिस कार्रवाई में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

इसी क्रम में एसएसपी द्वारा सोनपुर थाना में लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान प्रत्येक लंबित कांड की प्रगति, अनुसंधान की स्थिति, अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट एवं कुर्की की कार्रवाई तथा आरोप-पत्र समर्पण की स्थिति का गहन अवलोकन किया गया।उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित कांडों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित करते हुए उनका शीघ्र निष्पादन किया जाए।

साथ ही फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों के त्वरित निष्पादन, गंभीर मामलों में प्रभावी कार्रवाई तथा अनुसंधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित कांडों के निष्पादन में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *