पीड़ित ने थाना में आवेदन देकर चोरी का मामला दर्ज कर की कार्रवाई की गुहार
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र के दांतू गांव स्थित बाजार टांड़ दुर्गा मंदिर के समीप रहिवासी कैलाश कुमार नायक के घर में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। पीड़ित ने कसमार थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार बीते 5-6 अगस्त की रात लगभग 12:30 बजे के बाद अज्ञात चोरों ने घर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी 6 अगस्त की सुबह लगभग 9:30 बजे तब हुई, जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे। पीड़ित के अनुसार, घर के बाहर लगा मुख्य दरवाजा और ताला सामान्य स्थिति में था, लेकिन अंदर प्रवेश करने पर सभी सामान बिखरे मिले और अलमारी व अन्य स्थानों से कीमती सामान गायब था।
पीड़ित ने आवेदन में बताया है कि चोर ₹54,260 नकद, कांसा एवं पीतल के बर्तन, पूजा सामग्री, सीपी प्लस एनवीआर, तीन वाई-फाई कैमरे, तीन मोबाइल चार्जर, लगभग 10 किलोग्राम चांदी के जेवर, करीब एक किलोग्राम सोने के जेवर, जिओ टीवी सेटअप बॉक्स, कंप्यूटर मॉनिटर एडॉप्टर सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पहले बीते वर्ष 13 सितंबर 2025 को भी उनके घर में चोरी हुई थी, जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी थी। पीड़ित का आरोप है कि यह दूसरी बार उनके घर में चोरी की घटना हुई है, जिससे उनका पूरा परिवार भय और तनाव में है।

पीड़ित कैलाश कुमार नायक ने कहा कि उनमें घर में दूसरी बार चोरी की घटना हुई है। इस बार नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण, पूजा के बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती सामान चोरी हो गया है। कहा कि घटना के बाद पूरा परिवार डरा हुआ है। कहा में उसने कसमार थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने तथा जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस से निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की उम्मीद है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
![]()













Leave a Reply