हरिहरनाथ थाना पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी शत्रुघ्न राय की तलाश तेज
एस. पी. सक्सेना/पटना (बिहार)। बिहार के सारण जिला के हद में सोनपुर के हरिहरनाथ थाना के कालीघाट के समीप बीते माह 28 जुलाई को श्रावणी मेला न्यूज कवरेज के दौरान *जगत प्रहरी* के जिला प्रभारी पत्रकार अवध किशोर शर्मा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में हरिहरनाथ थाना पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने बीते 5 अगस्त की देर रात छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंदिर के समीप रहिवासी कृष्णा साह के पुत्र सोनू कुमार के रूप में की गयी है। पुलिस अन्य नामजद व अज्ञात आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।
हरिहरनाथ थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने 6 अगस्त को बताया कि इस कांड के मुख्य आरोपी और सबलपुर पूर्वी पंचायत के हस्ती टोला रहिवासी शत्रुघ्न राय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके घर और एक चिमनी भट्ठे पर देर रात सघन छापेमारी की, लेकिन वह मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस का दावा है कि अन्य नामजद आरोपियों को भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ज्ञात हो कि बीते 28 जुलाई को सोनपुर के कालीघाट के समीप पत्रकार अवध किशोर शर्मा श्रावणी मेला की तैयारियों का समाचार संकलन करने के साथ घाट की तस्वीरें ले रहे थे। इस दौरान बदमाशों ने उन पर अचानक हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए अनुमंडलीय चिकित्सालय सोनपुर पहुंचाया गया था। इस मामले में पीड़ित पत्रकार शर्मा ने सबलपुर पूर्वी पंचायत के शत्रुघ्न राय सहित चार अज्ञात के खिलाफ हरिहरनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पत्रकारों में आक्रोश और सुरक्षा की मांग
इस घटना को लेकर सोनपुर अनुमंडल के पत्रकारों में स्थानीय व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भारी क्षोभ देखा गया। इससे पहले बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के महासचिव प्रेम कुमार ने भी इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की पुरजोर मांग की थी। मामले में सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी सहित सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह ने भी हस्तक्षेप करते हुए सारण के एसएसपी से त्वरित कार्रवाई की मांग की थी, इसके बाद हरिहरनाथ पुलिस ने कार्रवाई शुरु कर दी है।
![]()













Leave a Reply