रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने 6 अगस्त को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में कल्याण विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना, प्री एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, कल्याण विभाग के छात्रावासों की स्थिति तथा अल्पसंख्यक छात्रावास निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना की समीक्षा के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 9,010 साइकिलों का वितरण किया जा चुका है। उपायुक्त ने शेष साइकिलों का वितरण एक सप्ताह के भीतर पूरा करने तथा वितरण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने जिले के कल्याण विभाग के सभी छात्रावासों का भौतिक सत्यापन कराने के लिए डीडीसी को एक टीम गठित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि टीम छात्रावासों की वर्तमान स्थिति, पूर्व में हुए मरम्मत कार्य, आवश्यक मरम्मत और उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करेगी, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि कल्याण विभाग की योजनाओं का समयबद्ध एवं लक्ष्य के अनुरूप क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में उपायुक्त ने जिले में अल्पसंख्यक छात्रावास निर्माण के लिए राज्य मुख्यालय को आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र भेजने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालयों में वितरित साइकिलों का विधिवत पंजी संधारित करने, प्रत्येक लाभुक के साथ साइकिल वितरण का फोटो सुरक्षित रखने तथा सभी अभिलेख अद्यतन रखने को कहा।
बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, जिला कल्याण पदाधिकारी सुचिता किरण, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply