सिद्धांतनिष्ठ व् समर्पित जनसेवक हैं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह-मुकेश कुमार सिंह बबलू
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विधायक कार्यालय में 10 जुलाई को नगर मंडल भाजपा द्वारा देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का 75वां जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
नगर भाजपा अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बबलू की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने रक्षा मंत्री के सुदीर्घ और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश सिंह ने रक्षा मंत्री के प्रारंभिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 10 जुलाई 1951 को उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के भभौरा नामक एक छोटे से गांव के किसान परिवार में जन्मे राजनाथ सिंह ने विपरीत परिस्थितियों में अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी की।
इसके बाद उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय से भौतिकी (फिजिक्स) में एमएससी की डिग्री प्राप्त की और मिर्जापुर के केबी पीजी कॉलेज में भौतिकी के व्याख्याता (लेक्चरर) बने। उन्होंने राष्ट्रहित सर्वोपरि मानते हुए वर्ष 1975 के आपातकाल के दौरान दो वर्ष जेल में भी बिताए।
नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बबलू ने उनके राजनीतिक सफर को रेखांकित करते हुए कहा कि राजनाथ सिंह वर्ष 1977 में पहली बार उत्तर प्रदेश के विधायक बने। इसके बाद वे निरंतर जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ते रहे। वे वर्ष 1988 में पहली बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष (भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष के संदर्भ में) बाद में राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। इसके बाद वर्ष 1991 में उत्तर प्रदेश के शिक्षा मंत्री, वर्ष 1999 में वाजपेयी सरकार में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री, वर्ष 2000 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और वर्ष 2003 में केंद्रीय कृषि मंत्री के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। वर्ष 2014 में उन्होंने देश के केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में कमान संभाली और वर्ष 2019 से वर्तमान तक देश के रक्षा मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री के रूप में राजनाथ सिंह ने सशस्त्र बलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए, जिसमें महिला सैन्य पुलिस भर्ती की शुरुआत और एसएससी महिला अधिकारियों के कार्यकाल को 10 वर्ष से बढ़ाकर 14 वर्ष करना तथा उनके प्रमोशन के अवसर बढ़ाना शामिल है। वर्तमान में वे लगातार तीसरी बार लखनऊ से सांसद हैं और जनता के बीच सदैव सक्रिय रहते हैं। उनका जीवन सिर्फ एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि एक सिद्धांतनिष्ठ, संवेदनशील और समर्पित जनसेवक की प्रेरक कहानी है, जो भारत को विश्व गुरु बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्यरत हैं।
इस अवसर पर मुख्य रूप से नमामि गंगे के सारण जिला संयोजक सुनील दुबे, भाजयुमो जिला महामंत्री दिव्यांशु गौतम, सदर दक्षिणी मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, उदय प्रताप, प्रमोद कुमार सिंह, दुर्गा दास, राजन कुमार दास, अनवर अली सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply