अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) सोनपुर इकाई द्वारा 78 वें छात्र दिवस के उपलक्ष्य में साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत 10 जुलाई को पूर्वोत्तर रेलवे महाविद्यालय में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और परिसर की सफाई की।
जानकारी के अनुसार अभियान के समापन पर महाविद्यालय के गणित विभागाध्यक्ष डॉ अशोक कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार हम अपने घरों को साफ और सुव्यवस्थित रखते हैं, ठीक उसी प्रकार महाविद्यालय भी हमारे लिए विद्या का मंदिर है। इसकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी का परम कर्तव्य है।
वहीं, अभाविप प्रांत सह मंत्री यशवंत कुमार ने अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाने का मुख्य उद्देश्य आमजनों में जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि हम जहां भी रहें, खुद को और अपने परिवेश को स्वच्छ रखें, जिससे कई तरह की बीमारियों से बचा जा सके। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे कॉलेज को अपना घर समझें और इसे हमेशा साफ-सुथरा रखने का संकल्प लें।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रोफेसर रणधीर कुमार, प्रो. अजीत कुमार, प्रो. सिद्धि राय, अभाविप पदाधिकारी गोपाल कुमार, नगर सह मंत्री राज नंदनी कुमारी, अंजलि कुमारी के अलावा छात्र नेता मोहम्मद नूरैन, दीपक कुमार, अभिषेक कुमार एवं अन्य छात्र-छात्रा उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply