पीएमश्री +2 विद्यालय कसमार में प्रार्थना सभा में शैक्षणिक किट का अवलोकन
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पीएमश्री एसएस +2 उच्च विद्यालय कसमार में 10 जुलाई को सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र (सीसीआरटी) हैदराबाद से प्राप्त शैक्षणिक किट का प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों के बीच अवलोकन कराया गया। साथ हीं भारत की बहुआयामी कला, संस्कृति एवं भौगोलिक विविधता से परिपूर्ण शैक्षणिक सामग्री ने विद्यार्थियों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रू-ब-रू कराया।
जानकारी के अनुसार शैक्षणिक किट में भारतीय कला, वास्तुकला, शास्त्रीय एवं लोक नृत्य, संगीत, चित्रकला, सांस्कृतिक धरोहर और देश की विविध भौगोलिक विशेषताओं से संबंधित सामग्री को विद्यार्थियों ने उत्सुकता के साथ देखा एवं समझा। इस दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति के विभिन्न आयामों की जानकारी प्राप्त की तथा शास्त्रीय नृत्य, गीत, संगीत एवं काव्य परंपरा से प्रेरणा लेकर अपने व्यक्तित्व और जीवन मूल्यों को समृद्ध बनाने पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने छात्रों को भारतीय संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा पुस्तकों और शैक्षणिक संसाधनों के माध्यम से निरंतर ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित किया। मौके पर प्रधानाध्यापक फारुक अंसारी ने कहा कि सीसीआरटी द्वारा उपलब्ध कराई गई शैक्षणिक किट विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी है। इससे बच्चों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला और परंपराओं को समझने का अवसर मिलेगा। कहा कि विद्यालय प्रबंधन का उद्देश्य विद्यार्थियों में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव की भावना का भी विकास करना है।
कला एवं संस्कृति क्लब के नोडल शिक्षक डॉ अवनीश कुमार झा ने कहा कि भारतीय संस्कृति विश्व की सबसे प्राचीन एवं समृद्ध संस्कृतियों में से एक है। इस प्रकार की शैक्षणिक सामग्री विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, सांस्कृतिक समझ और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में समय-समय पर कला एवं संस्कृति आधारित गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जाता रहेगा।
इस अवसर पर पुस्तकालय विभाग के नोडल शिक्षक अशोक कुमार रजवार, इतिहास शिक्षिका सीमा ठाकुर, भूगोल शिक्षक परमेश्वर बेसरा, आईटी प्रशिक्षक रितेश कुमार महथा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply