Advertisement

सीएचसी कसमार में 26 फाइलेरिया मरीजों के बीच एमएमडीपी किट का वितरण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में 10 जुलाई को फाइलेरिया से प्रभावित मरीजों के बीच 26 एमएमडीपी (मॉर्बिडिटी मैनेजमेंट एंड डिसेबिलिटी प्रिवेंशन) किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चिकित्सा पदाधिकारी डॉ हरिपद सोरेन ने की। इस दौरान मरीजों को किट के नियमित उपयोग एवं प्रभावित अंगों की देखभाल के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बताया गया कि एमएमडीपी किट में टब, जग, तौलिया, साबुन, क्रीम तथा आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। मरीज यदि प्रतिदिन इन सामग्रियों का सही तरीके से उपयोग करते हुए प्रभावित अंगों की साफ-सफाई एवं देखभाल करें, तो फाइलेरिया से होने वाली सूजन और अन्य जटिलताओं को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

एमटीएस शैलेश ठाकुर एवं पिरामल फाउंडेशन के साहिल गुप्ता ने मरीजों को एमएमडीपी किट के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमो) कर प्रत्येक सामग्री के सही इस्तेमाल की जानकारी दी। इस अवसर पर एमपीडब्ल्यू अविनाश रंजन ने जुलाई माह में मनाए जा रहे डेंगू रोधी माह के तहत उपस्थित जनों को वेक्टर जनित रोगों (वीबीडी) जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया एवं फाइलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए स्वच्छता बनाए रखने, घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की।

सीएचसी के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ हरिपद सोरेन ने कहा कि फाइलेरिया एक दीर्घकालिक बीमारी है, जिसे पूरी तरह समाप्त करना संभव नहीं है। लेकिन समय पर उपचार, नियमित साफ-सफाई और एमएमडीपी किट के सही उपयोग से मरीज सामान्य जीवन जी सकते हैं तथा बीमारी की गंभीरता को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य प्रत्येक प्रभावित मरीज तक यह सुविधा पहुंचाना और उन्हें स्वयं अपने अंगों की देखभाल के लिए जागरूक बनाना है।

एमपीडब्ल्यू अविनाश रंजन ने कहा कि फाइलेरिया नियंत्रण के साथ-साथ वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता बेहद आवश्यक है। कहा कि बरसात के मौसम में डेंगू एवं मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए रहिवासियों को अपने घर एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए तथा मच्छरों से बचाव के सभी उपाय अपनाने चाहिए। जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता से ही इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

कार्यक्रम में डेंटिस्ट डॉ जितेन्द्र कुमार, बीपीएम बंकिम चंद्र महतो, एमपीडब्ल्यू प्रबीर मल्लिक, अविनाश कुमार, मिहिर रजवार, धर्मनाथ मेहता, अमित विक्रम, हरिन्दर कुमार, कुलदीप कुमार, कविता कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *