Advertisement

विभीजी रामजी के तहत जल संरक्षण व् सरकारी विद्यालय भवनों की मरम्मत पर जोर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। विकसित भारत जीरामजी (विभीजी रामजी) योजना के तहत बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मधुकरपुर पंचायत सचिवालय में 21 अगस्त को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पठारी क्षेत्र में वर्षा जल के ठहराव एवं जल संरक्षण को सुनिश्चित करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान योजना के तहत गांवों में कराए जाने वाले विभिन्न कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी गई।

जानकारी के अनुसार आयोजित कार्यशाला में बताया गया कि विभीजी रामजी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, पानी के ठहराव, रोजगार से जुड़े कार्यों के अलावा पुराने सरकारी विद्यालय भवनों की मरम्मत एवं रख-रखाव जैसे कार्यों को भी शामिल किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ जर्जर सरकारी भवनों को उपयोगी बनाने में मदद मिलेगी।

कार्यशाला में रोजगार सेवक मीम कुमार ने योजना के प्रावधानों एवं कार्यों की रूपरेखा विस्तार से समझाते हुए कहा कि पठारी क्षेत्रों में बारिश का पानी तेजी से बह जाता है। ऐसे क्षेत्रों में जल संचयन एवं पानी के ठहराव के लिए उपयुक्त योजनाओं का चयन किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से गांव की जरूरत के अनुसार जल संरक्षण सहित अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा सकती है। पुराने सरकारी विद्यालय भवनों की मरम्मत होने से बच्चों को बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण भी उपलब्ध होगा।

रोजगार सेवक राजू कुमार ने कहा कि विभीजी रामजी योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरी विकास कार्यों को मजबूती देना है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों को योजना के तहत शामिल कार्यों की जानकारी दी गई, ताकि पंचायत स्तर पर जरूरत के अनुसार योजनाओं का चयन किया जा सके। कहा कि जल संरक्षण के साथ पुराने सरकारी विद्यालय भवनों की मरम्मत जैसे कार्य गांव के विकास के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं।

मधुकरपुर पंचायत के मुखिया राजेंद्र महतो ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में जल संरक्षण सबसे महत्वपूर्ण विषयों में से एक है। पठारी इलाके में बारिश के दौरान पानी तेजी से बह जाने के कारण उसका पर्याप्त संचयन नहीं हो पाता। यदि योजना के माध्यम से छोटे-छोटे जल संरक्षण कार्य किए जाएं तो बारिश के पानी को रोककर ग्रामीणों को इसका लाभ दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुराने सरकारी विद्यालय भवनों की मरम्मत को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए, क्योंकि विद्यालय बच्चों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है।

बरई पंचायत के मुखिया पति बैजनाथ महतो ने कहा कि गांवों के विकास के लिए ऐसी योजनाओं का लाभ सही तरीके से ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के कार्यों के साथ पुराने सरकारी विद्यालय भवनों की मरम्मत होने से ग्रामीणों को दोहरा लाभ मिलेगा। इससे एक ओर पानी की समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर विद्यालयों में बच्चों के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा। पंचायत समिति सदस्य दिलीप महतो ने कहा कि पंचायत स्तर पर योजनाओं का चयन ग्रामीणों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, सरकारी विद्यालय भवनों की मरम्मत और अन्य बुनियादी विकास कार्यों को प्राथमिकता मिलने से गांवों की तस्वीर बदल सकती है। जनप्रतिनिधियों और विभागीय कहा कि कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है।

दुर्गापुर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य के पति सनातन महतो ने कहा कि विभीजी रामजी योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से पुराने सरकारी विद्यालय भवनों की मरम्मत को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कई जगह भवन पुराने होने के कारण बच्चों और शिक्षकों को परेशानी होती है। ऐसे भवनों की मरम्मत होने से विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार होगा। साथ ही जल संरक्षण से जुड़े कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।

कार्यशाला में तीन पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए योजना के तहत अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करने पर विचार-विमर्श किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विकसित भारत जीरामजी योजना के माध्यम से जल संरक्षण, पुराने सरकारी विद्यालय भवनों की मरम्मत तथा ग्रामीण क्षेत्रों की अन्य आवश्यकताओं से जुड़े कार्यों को धरातल पर उतारने से पंचायतों में विकास को नई गति मिल सकती है।

कार्यशाला के अंत में ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप लागू करने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा सरकारी परिसंपत्तियों के बेहतर रख-रखाव पर विशेष जोर दिया गया। मौके पर वार्ड सदस्य विनोद महतो, मनोज कुमार ठाकुर, जानकी मुंडा, विकास कुमार प्रजापति, राजू कुमार चौधरी, रजनीकांत, राकेश आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *