Advertisement

तांतरी में उपायुक्त ने की विकास कार्यों की समीक्षा, विस्थापितों की सुनीं समस्या

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने 21 अगस्त को जिला के हद में जरीडीह प्रखंड के तांतरी दक्षिणी पंचायत भवन में विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपायुक्त झा ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। तत्काल समाधान वाले मामलों को प्राथमिकता से निपटाने तथा अन्य मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि तांतरी दक्षिणी पंचायत पुनर्वास क्षेत्र है, जहां बीएसएल प्लांट से विस्थापित परिवार रहते हैं। ग्रामीणों ने पर्चा, पुनर्वास, नियोजन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि विस्थापितों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन सकारात्मक पहल कर रहा है।

उन्होंने संबंधित अभिलेखों और पात्रता की जांच के बाद शिविर आयोजित कर पात्र विस्थापितों को पर्चा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। विद्यालय की बाउंड्री वॉल, सोलर लाइट और सभागार निर्माण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी स्थल निरीक्षण करने को कहा। सभागार के लिए ग्रामसभा से प्रस्ताव पारित कर भेजने का निर्देश दिया। मौके पर डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, जरीडीह बीडीओ कुमार कनिष्क, सीओ प्रणव ऋतुराज, थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, मुखिया शांति देवी समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *