एकमुस्त मुआवजा व जीविका स्वरूप विधवा को प्रतिमाह राशि देने पर समझौता
प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के चलकरी दक्षिणी पंचायत के झुंझको सलगाबारी टोला रहिवासी फंटूश रजवार के 20 वर्षीय पुत्र करण रजवार की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गयी। मृतक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में खलासी था।
बताया जाता है कि मृतक जिला के हद में बेरमो प्रखंड के सीसीएल बीएंडके क्षेत्र के एकेकेओसीपी खासमहल परियोजना में एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी आरके ट्रांसपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के अधीनस्थ खलासी के रूप में कार्यरत था। जिसकी 12 अगस्त को प्रातः 4 बजे कंपनी के वाहन क्रमांक-JH09AF/4586 की चपेट में आकर घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना पाकर मृतक के परिजन व ग्रामीण काफी संख्या में पहुंचे। परिजनों व ग्रामीणों को उग्र देख कथित ट्रांपोर्ट्स कंपनी ने समझौता के लिए तैयार हुआ। कंपनी एवं ग्रामीण प्रतिनिधियों के बीच लगभग चार घंटे तक संपन्न वार्ता में आपसी समझौते पर सहमति बन सकी। जानकारी के अनुसार मृतक की पत्नी पूजा कुमारी को मुआवजे के तौर पर एकमुस्त ₹ 12,00000 (बारह लाख) की बैंक चेक संख्या 154385 बैंक ऑफ इंडिया प्रदान किया गया तथा चेक संख्या 154386 के तहत मृतक के पिता फंटूश रजवार को श्राद्ध-कर्म के लिए ₹75 हजार दिया गया। वहीं मृतक की पत्नी पूजा को जीविका के लिए जीवित अवस्था तक हरेक माह की पहली से 15 तारीख तक 11 हजार रु० देने पर सहमति बनी। साथ ही खासमहाल परियोजना पदाधिकारी सुमेधा नंदन से फोन पर वार्ता कर पत्नी पूजा के गर्भ में पल रहे बच्चे के जन्म से पांच वर्ष बाद सीसीएल के अधीनस्थ विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा ग्रहण कराई जाएगी।
इकरारनामा में यह भी तय हुआ कि भविष्य में यदि कंपनी को किसी प्रकार की कानूनी परेशानी हुई तो मृतक परिवार का साथ मिलेगा। समझौता में प्रथम पक्ष में निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी (आरके ट्रांसपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड) के मैनेजर भूपेंद्र तिवारी, दूसरे पक्ष के मृतक के पिता फंटूश रजवार, रमेश रजवार, गवाह में गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि संतोष महतो, अंगवाली मुखिया धर्मेंद्र कपरदार, चलकरी उत्तरी पंचायत के मुखिया अकलेश्वर ठाकुर, भाजपा के मनोहर नायक, शंकर सिंह, गजाधर रजवार आदि ने सहमति जतायी। मौके पर पूर्व मुखिया श्याम रजवार, नटवरलाल रजवार, कौशल रजवार, मुखिया पति दुर्गा सोरेन, सागर सिंह, महेश सिंह, जीतलाल मुर्मू व् अन्य दर्जनों उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply