रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। अयप्पा पब्लिक स्कूल बोकारो में आयोजित अलंकरण समारोह में बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने नव चयनित छात्र नेताओं को उनके पद एवं जिम्मेदारियों का बोध कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए डीसी ने कहा कि लीडर का अर्थ सबसे आगे रहना नहीं, बल्कि सबसे पीछे खड़े अपने साथी को आगे लाना है। उन्होंने कहा कि सच्चा नेतृत्वकर्ता वही है, जिसमें आप अपने साथ पूरी टीम को आगे लेकर चले और सभी के विकास का अवसर सुनिश्चित करे। डीसी ने नव चयनित छात्र नेताओं से कहा कि उन्हें अपने पद को अधिकार के रूप में नहीं, बल्कि जिम्मेदारी के रूप में देखना चाहिए। विद्यालय में नेतृत्व की भूमिका निभाते हुए वे अनुशासन, सहयोग, सकारात्मक सोच और टीम भावना की मिसाल प्रस्तुत करें।

उन्होंने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते उपयोग के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि एआई ज्ञान और सीखने का प्रभावी साधन हो सकता है, लेकिन इसका उपयोग संतुलित एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, तार्किक क्षमता और स्वयं सीखने की आदत को बनाए रखते हुए तकनीक का सदुपयोग करना चाहिए।

अलंकरण समारोह के दौरान नव चयनित छात्र नेताओं को उनके पद एवं दायित्व के अनुरूप शपथ दिलाई गई। विद्यालय परिवार की ओर से छात्र नेताओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
![]()













Leave a Reply