रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 अगस्त को सहयोगिनी संस्था द्वारा बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगदा एवं खैराचातर पंचायत में युवाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बाल विवाह तथा बाल तस्करी समाप्ति, स्किल डेवलपमेंट, नेतृत्व क्षमता, शिक्षा, कैरियर निर्माण, रोजगार एवं सरकारी योजनाओं से जुड़ाव को लेकर युवाओं को जानकारी दी गई।
इस संबंध में सहयोगिनी संस्था सचिव कल्याणी सागर ने बताया कि युवाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल विकसित करने, उच्च शिक्षा जारी रखने तथा छात्रवृत्ति और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा मिले इस पर ध्यान देने की जरूरत है। इस दौरान महिला हिंसा, बाल विवाह, बाल तस्करी, लैंगिक भेदभाव एवं डिजिटल हिंसा की रोकथाम में युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा की गई।
मौके पर खैराचातर पंचायत के मुखिया विजय कुमार जायसवाल ने कहा कि युवा पंचायत और समाज के विकास की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। युवाओं को शिक्षा और कौशल के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें पंचायत के विकास कार्यों में सक्रिय रूप से जोड़ना जरूरी है। कहा कि जागरूक और जिम्मेदार युवा ही गांव को विकास की नई दिशा दे सकते हैं।

इस अवसर पर सहयोगिनी संस्था के समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने कहा कि युवा समाज और देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। शिक्षा, कौशल और सही मार्गदर्शन के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उन्हें सामाजिक बदलाव का सक्रिय भागीदार बनाना हमारा उद्देश्य है। उन्होंने युवाओं से हिंसा, भेदभाव और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील करते हुए कहा कि संस्था कसमार प्रखंड की 7 पंचायतों के 30 गांवों में किशोरियों एवं युवा महिलाओं के नेतृत्व क्षमता विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनके सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
सहयोगिनी संस्था की एनिमेटर संगीता देवी ने बताया कि संस्था किशोरियों एवं युवा महिलाओं के साथ शिक्षा, जीवन कौशल, स्वास्थ्य, नेतृत्व विकास, सरकारी योजनाओं से जुड़ाव तथा बाल विवाह एवं महिला हिंसा की रोकथाम को लेकर लगातार जागरूकता एवं क्षमता-विकास का कार्य कर रही है।
![]()













Leave a Reply