भवानीपुर उपर टोला में बिजली बहाल होने से रहिवासियों में हर्ष
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगदा पंचायत अंतर्गत भवानीपुर ऊपर टोला में पिछले कई दिनों से बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को 12 अगस्त को बड़ी राहत मिली। ग्रामीणों की मांग पर बिजली विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए सौ केवीए क्षमता के नए ट्रांसफॉर्मर का ग्रामीणों एवं जेएलकेएम नेताओं की मौजूदगी में फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया। गांव में पुनः ट्रांसफॉर्मर लगने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल होते ही पूरे टोला मेंहर्ष का माहौल बन गया।
ज्ञात हो कि ग्रामीणों ने बिजली समस्या की जानकारी जेएलकेएम कसमार प्रखंड कमिटी, बोकारो जिला कमिटी एवं केंद्रीय कमिटी के पदाधिकारियों को दी थी। इसके बाद नेताओं ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों तक ग्रामीणों की समस्या पहुंचाई। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नया सौ केवीए ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया।
इस अवसर पर जेएलकेएम बोकारो जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं का समाधान करना केवल राजनीति का विषय नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की जिम्मेदारी है। कहा कि भवानीपुर ऊपर टोला के ग्रामीण कई दिनों से बिजली संकट झेल रहे थे। ग्रामीणों ने अपनी समस्या हम तक पहुंचाई और हमने बिना किसी देरी के संबंधित विभाग तक उनकी आवाज पहुंचाई। उन्होंने कहा कि जेएलकेएम जन समस्याओं से मुंह मोड़ने वाली ताकत नहीं है। जहां ग्रामीणों को परेशानी होगी, वहां हमारी आवाज बुलंद होगी। झारखंड के किसी भी गांव के रहिवासियों को अंधेरे में रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। हमने समस्या को विभाग के समक्ष मजबूती से रखा और ट्रांसफॉर्मर लगवाकर बिजली बहाल कराया है। यह सिर्फ ट्रांसफॉर्मर का उद्घाटन नहीं, बल्कि ग्रामीणों के संघर्ष और उनकी एकजुटता की जीत है।
महतो ने कहा कि ग्रामीणों के चेहरे पर मुस्कान ही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। कहा कि जन समस्या चाहे छोटी हो या बड़ी, जेएलकेएम उसे मजबूती से उठाएगा। जब तक गांव के अंतिम पायदान तक मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंचतीं, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। जेएलकेएम केंद्रीय उपाध्यक्ष भुनेश्वर महतो ने कहा कि बिजली आज हर परिवार की मूलभूत जरूरत बन चुकी है। ग्रामीणों की समस्या सामने आने के बाद विभाग से समन्वय कर ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।
केंद्रीय महामंत्री सुकदेव राम ने कहा कि ग्रामीणों की एकजुटता और संगठन के प्रयास से समस्या का समाधान संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के रहिवासियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना और उसके समाधान के लिए प्रयास करना संगठन की जिम्मेदारी है। प्रखंड अध्यक्ष प्रशांत कुमार महतो ने कहा कि भवानीपुर ऊपर टोला में बिजली बहाल होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों के प्रति भी आभार जताया और कहा कि आगे भी ग्रामीण समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। प्रखंड सचिव सौरभ जायसवाल ने कहा कि ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने तत्काल पहल की।
विभाग के सहयोग से ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध हुआ और अब ग्रामीणों को बिजली संकट से राहत मिली है। युवा मोर्चा कोषाध्यक्ष जितेंद्र महतो ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में युवाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जहां भी जनसमस्याएं सामने आएंगी, संगठन के माध्यम से उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। मौके पर जेएलकेएम बगदा पंचायत प्रभारी राजेश कुमार, पंचायत अध्यक्ष सुबोध कुमार महतो, प्रखंड उपाध्यक्ष रामु घांसी सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि ट्रांसफॉर्मर लगने से ग्रामीणों को काफी राहत मिली है। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए बिजली विभाग एवं जेएलकेएम के सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर घनेश्वर महतो, श्याम कुमार, बगदा पंचायत प्रभारी राजेश कुमार, प्रखंड उपाध्यक्ष रामु घांसी, बगदा पंचायत अध्यक्ष सुबोध कुमार महतो, राजीव रंजन, जगन महतो, मिथुन, समरेश, शिवनंदन, देवधारी महतो, रणविजय, जनार्दन, चक्रधर, जितेंद्र, बब्लू, निरंजन, विभूति भूषण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply