एस. पी. सक्सेना/पटना (बिहार)। बिहार की राजधानी पटना के राजेंद्र नगर स्थित प्रेमचंद रंगशाला में आयोजित दो दिवसीय इंद्रधनुष समारोह का 21 नवंबर को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विधिवत समापन हो गया। उक्त जानकारी कलाकार साझा संघ के सचिव सह प्रसिद्ध रंगकर्मी व् चर्चित टीवी कलाकार मनीष महीवाल ने दी।
उन्होंने बताया कि पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र कोलकाता (पश्चिम बंगाल), उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) तथा कला संस्कृति एवं युवा विभाग पटना (बिहार) के संयुक्त तत्वावधान में 20 से 21 नवंबर को स्थानीय प्रेमचंद रंगशाला में दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव इंद्रधनुष 2026 का आयोजन प्रतिदिन सायं 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक किया गया, जिसमे हरियाणा, राजस्थान, उड़ीसा, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश तथा बिहार के लोक गीत एवं लोक नृत्यों की प्रस्तुति की गयी। इस अवसर पर हस्तशिल्प मेला, खान- पान मेला, पारंपरिक पहनावा प्रदर्शन, चित्रकला कार्यशाला एवं रंगोली प्रदर्शन आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
महीवाल ने कहा कि आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान दिलाना रहा है। कहा कि पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के इस सिग्नेचर फेस्टिवल में भारत के लगभग 400 लोक कलाकारों ने भाग लिया। सांस्कृतिक केंद्र कोलकाता के सहायक अभियंता राजश्री चंद्रा तथा उपनिदेशक तापस सामंत राय के मार्गदर्शन में पूरे कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
समापन दिवस के अवसर पर इंद्रधनुष की शुरुआत कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता वरुण कुमार सिंह (प्रदेश अध्यक्ष कला संस्कृति प्रकोष्ठ बीजेपी बिहार) ने किया। कवि सम्मेलन में वीर रस के कवि उत्कर्ष आनंद ‘भारत’, गीत ग़ज़ल लेखन अमृतेश कुमार मिश्रा, ग़ज़ल लेखन इरशाद आलम ‘शीबू’ द्वारा प्रस्तुति की गई। मशहूर लोक गायिका नीतू कुमारी नूतन ने प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

कवि सम्मेलन समाप्ति के बाद आज की प्रस्तुति सभी राज्यों के कलाकारों का समवेत नृत्य था, जिसे राजीव कुमार रॉय ने निर्देशित किया था। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की खुशबू पारिक के दल द्वारा फूल की होली एवं मयूर लोक नृत्य को प्रस्तुति के रूप में पेश किया गया। लोक दल में टीम लीडर खुशबू पारीक के साथ ममता, चंद्र प्रकाश, फारूक, स्वामी विवेकानंद तथा दीपक शामिल थे। हरियाणा के अंकित शर्मा के दल द्वारा रागिनी फाग एवं घूमर लोक नृत्य की प्रस्तुति थी। इसमें टीम लीडर अंकित शर्मा के साथ संजू, असलम, राहुल, अमन और पिंटू ने भाग लिया।
राजस्थान के पचारिया के दल द्वारा भवई, घूमर एवं कालबेलिया लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया। दल नायक जगदीश पचारिया के अलावा ममता, सुनीता, सावित्री, रेखा, गुणेशा राम उर्फ़ सोनू एवं बाबूलाल शामिल थे। ओडिसा के अरुण कुमार सुना के दल एकतारा कला केंद्र द्वारा संबलपुरी एवं ढाप नृत्य आज की पांचवी प्रस्तुति थी, जिसमे टीम लीडर दीपक कुमार झा के साथ संतोषी, प्रीति,योगेश, राहुल, गंगाधर तथा प्रवीण ने हिस्सा लिया। त्रिपुरा की मनु देवबर्मन के दल द्वारा मोमिता एवं होजागिरी नृत्यों का शानदार प्रदर्शन रही।
समारोह में महाराष्ट्र की मोहिनी इयाजरे के दल द्वारा लावणी एवं कोली नृत्यों की प्रस्तुति थी, जिसने दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। टीम लीडर मोहिनी हजारे के अतिरिक्त स्नेहा कोड़ापे, हर्षिता, यश खंडरा, कृतिका आगरा, मृणाल राठौर तथा डॉ राहुल ने अपनी कला का परिचय दिया। बिहार के कला आंगन की कलाकारों प्रतीक्षा, पूजा, दिव्या, रागिनी, संजना एवं आरती सामा द्वारा सामा चकेवा एवं झिझिया लोक नृत्य के अंतर्गत सामा खेले चलली, सखी संग सहेली जैसी कई प्रस्तुतियां की गई। विशेष आकर्षण के रूप में पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय द्वारा दो दिवसीय एक भारत-श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत बिहार और त्रिपुरा की भाषा, संस्कृति, परंपरा और खान-पान से जुड़े आदान- प्रदान के कार्यक्रम ने विविधता में एकता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर इंद्रधनुष के प्रचार प्रसार एवं मीडिया प्रभारी मनीष महिवाल ने उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के सहायक अभियंता राजश्री चंद्रा तथा उपनिदेशक तापस सामंत राय ने सभी आमंत्रित कलाकारों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया और पटना में आयोजित इंद्रधनुष 2026 की समाप्ति की घोषणा की।
![]()













Leave a Reply