Advertisement

मिथिला अकादमी को एक दिन राष्ट्रीय शिक्षा मानचित्र पर मिलेगी पहचान-नवीन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। मिथिला अकादमी पब्लिक स्कूल बोकारो का वार्षिकोत्सव वसुंधरा हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सेल, बीएसएल के सीजीएम (ट्रैफिक) नवीन प्रकाश श्रीवास्तव सहित अन्य अतिथियों एवं विद्यालय प्रबंधन के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय गीत और विद्यालय की प्रार्थना जय जय भैरवी प्रस्तुत की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि नवीन प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि मिथिला अकादमी पब्लिक स्कूल एक दिन केवल बोकारो ही नहीं, बल्कि भारत के शिक्षा मानचित्र पर भी अपनी पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण को वार्षिकोत्सव की थीम वसुंधरा से जोड़ने की पहल की प्रशंसा की।

विद्यालय अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने बताया कि दो विद्यार्थियों और एक शिक्षिका से 16 अप्रैल 1990 को शुरू हुआ विद्यालय आज निरंतर प्रगति कर रहा है। सचिव दिलीप कुमार झा ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य किताबी ज्ञान के साथ विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। प्रधानाचार्य अमर प्रसाद ने वार्षिक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए खो-खो, जूडो, कराटे, ताइक्वांडो, आईआईटी, नीट एवं ओलंपियाड में विद्यार्थियों की सफलता का उल्लेख किया।

इस अवसर पर शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले 42 विद्यार्थियों को अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किया गया। विद्यालय की वार्षिक पत्रिका द स्पार्क का भी विमोचन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, नाटक एवं लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नाटक वसुंधरा ने विशेष संदेश दिया। उप प्राचार्य देव दुलाल मित्रा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *