डीपीएस बोकारो में आयोजित विशेष कार्यशाला में 80 शिक्षकों ने लिया हिस्सा
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। हिंदी भाषा के शिक्षण को अधिक प्रभावशाली, रुचिकर एवं नवाचारपूर्ण बनाने के उद्देश्य से 21 नवंबर को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो में विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। न्यू सरस्वती हाउस प्रकाशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में बोकारो, धनबाद, रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों के लगभग 80 शिक्षक शामिल हुए।
कार्यशाला का उद्घाटन प्रसिद्ध हिंदी शिक्षाविद एवं रिसोर्स पर्सन डॉ मनीष खारी, डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ एएस गंगवार, न्यू सरस्वती हाउस के उपाध्यक्ष एसएच उस्मानी, महाप्रबंधक संतोष कुमार सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मौके पर रिसोर्स पर्सन डॉ मनीष खारी ने एआई और डिजिटल टूल्स के रचनात्मक उपयोग से हिंदी शिक्षण को रोचक बनाने के तरीके बताए। उन्होंने कहानी, नाटक, संवाद लेखन और गतिविधि आधारित शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि भाषा केवल पढ़ने के लिए नहीं, बल्कि गढ़ने के लिए भी है। डीपीएस के प्राचार्य डॉ गंगवार ने कहा कि हिंदी हमारी भाषा के साथ-साथ सभ्यता, संस्कृति और राष्ट्रीय सम्मान की पहचान है। बदलती शिक्षा व्यवस्था में शिक्षकों को आधुनिक तकनीकों से निरंतर अपडेट रहना जरूरी है।
कार्यशाला में चित्र देखकर दोहा पहचानो, शब्दों का जादू, अंताक्षरी और विज्ञापन लेखन जैसी गतिविधियां आयोजित की गई। शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए और नई शिक्षण तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का संचालन बलदेव प्रमाणिक तथा धन्यवाद ज्ञापन पी. कलावती ने किया।
![]()













Leave a Reply