Advertisement

हरिहरनाथ कॉरिडोर के विकास के लिए 680 करोड़ की योजना-सीएम

सोनपुर में बनेगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, 5 साल में एक करोड़ नौकरी-सम्राट चौधरी

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला का उद्घाटन 22 नवंबर को पर्यटन विभाग के मुख्य मंच पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने सोनपुर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने, टाउनशिप बसाने, अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ सरकारी नौकरी व रोजगार देने और 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सोनपुर के विकास के लिए 680 करोड़ रुपये की योजना तय की गई है। साथ बाबा हरिहरनाथ का लगभग एक हजार करोड़ रुपये का भव्य मंदिर बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री चौधरी ने बाबा हरिहरनाथ के चरणों में मत्था टेकते हुए कहा कि भगवान के आशीर्वाद से अब सोनपुर जिस जगह पर है, उससे दस गुना तेज गति से विकास करेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में जब वे बिहार के उपमुख्यमंत्री थे, तब भी इस मेले का उद्घाटन करने आए थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की राजधानी पटना के एकदम बगल में इतना बड़ा विश्व प्रसिद्ध मेला लगता है, जिसे पूरी दुनिया जानती है, लेकिन अब तक इसे सिर्फ पशुओं की खरीद-बिक्री का केंद्र माना जाता था। अब इसे अर्थव्यवस्था, संस्कृति और सभ्यता से जोड़ने का काम किया जाएगा। बिहार की माटी में जो बनता है, उसका रास्ता सोनपुर से दुनिया तक जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि सोनपुर की धरती पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने का काम किया जाएगा। इसके लिए जमीन अधिग्रहण का काम शुरू कर दिया गया है। टाउनशिप बसाने का काम भी शुरू है।

उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि टाउनशिप को लेकर कोई भ्रम नहीं रखें, यहां टाउनशिप जरूर बसेगा। उन्होंने कहा कि जमीन अधिग्रहण में कोई जबरदस्ती नहीं होगी। ग्रामीण इलाके में चार गुना मुआवजा दिया जाएगा और जो किसान स्वेच्छा से जमीन देगा, उसे 10 प्रतिशत अधिक दर दी जाएगी। उसी तरह हरिहरनाथ कॉरिडोर को लेकर सोनपुर की जनता को आश्वस्त किया कि टोपो लैंड भूमि अधिग्रहण के लिए राशि दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनता ही मालिक है और सरकार उसकी सेवक है। गंगा और बाढ़ की समस्या पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा जब बिहार में प्रवेश करती है तो 5 से 6 किलोमीटर चौड़ी होती है। सोनपुर आते-आते यह 9 से 10 किलोमीटर, हाजीपुर में 15 किलोमीटर, बेगूसराय में 17-18 किलोमीटर और भागलपुर- कटिहार में 24 से 30 किलोमीटर तक फैल जाती है। गंगा और गंडक की गाद नहीं निकाली गई तो बिहार हर साल बाढ़ में डूबेगा। इसलिए सरकार ने गंगा पर एक्सप्रेस-वे बनाने का निर्णय लिया है और सोनपुर से गोपालगंज तक तटबंध को मजबूत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनपुर मेला अब पुरानी पद्धति पर ही नहीं चलेगा, इसे ट्रेड फेयर के रूप में विकसित किया जाएगा। सोनपुर को वाटरवे, रोडवे, एयरवे और रेलवे, चारों मार्गों से जोड़ा जाएगा। सोनपुर से हल्दिया तक वाटर ट्रांसपोर्ट शुरू करने पर काम हो रहा है। बिहार के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कभी बिहार-झारखंड मिलाकर बजट मात्र 6 हजार करोड़ रुपये था, जिसमें 87 प्रतिशत राजस्व झारखंड से आता था। वर्ष 2024 में जब उन्होंने बजट पेश किया तो बिहार का बजट 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये और झारखंड का 1 लाख 39 हजार करोड़ रुपये था। आज बिहार के किसी भी कोने से 5 घंटे में पटना पहुंचा जा सकता है।

सोनपुर-हाजीपुर के टू लेन पुल को अगले जून से पहले फोर लेन कर दिया जाएगा, जिसका 14 वर्षों से इंतजार था। उन्होंने ऐलान किया कि अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ राज्यवासियों को सरकारी नौकरी और रोजगार दिया जाएगा। अगले 5 वर्षों में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश बिहार में लाया जाएगा। 50 लाख बहनों को पशु शक्ति बनाया जाएगा और वर्ष 2030 तक दूध उत्पादन 25 लाख लीटर प्रतिदिन से बढ़ाकर 1 करोड़ लीटर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत और 2037 तक समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को मिलकर काम करना होगा। बाबा हरिहरनाथ की कृपा से सोनपुर मेला भी विकसित होगा और बिहार भी समृद्धि के रास्ते पर जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *