रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित विधानसभा परिसर में आयोजित 26वें स्थापना दिवस समारोह में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर उनके संसदीय योगदान की सराहना की गई।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। विधानसभा केवल कानून बनाने का स्थान नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने का सर्वोच्च मंदिर है। जिन जनप्रतिनिधियों ने संसदीय परंपराओं की गरिमा को बढ़ाया है और जनसरोकार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है, उनका सम्मान करना आने वाली पीढ़ी के विधायकों के लिए एक सकारात्मक संदेश है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड विधानसभा के गौरवशाली 26 वर्ष राज्य के लोकतांत्रिक सफर की परिपक्वता को दर्शाते हैं। राज्य के निर्माण से लेकर इसके विकास की यात्रा में सभी पूर्व और वर्तमान सदस्यों का अमूल्य योगदान रहा है। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राज्य के हित में काम करने वाले जनप्रतिनिधियों का सम्मान करना हमारे लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि हम सभी के सामूहिक प्रयासों से ही एक सशक्त और समृद्ध झारखंड का निर्माण संभव है।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर राज्य के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होना उनके लिए अत्यंत गर्व और भावुकता का क्षण है। कहा कि यह सम्मान मेरा व्यक्तिगत नहीं, बल्कि गोमिया विधानसभा क्षेत्र की महान जनता के विश्वास, प्रेम और आशीर्वाद का परिणाम है।
कहा कि मैंने सदैव सदन के भीतर और बाहर जनहित के मुद्दों तथा झारखंड के समग्र विकास के लिए अपनी आवाज बुलंद की है। यह सम्मान मुझे आगे भी जनसेवा के पथ पर और अधिक ऊर्जा व समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष, कई मंत्री, वर्तमान व पूर्व विधायक तथा गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने डॉ महतो को इस सम्मान के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।
![]()













Leave a Reply