Advertisement

घोड़ा बाजार में सजा साज-सामान, रंग-बिरंगी लगाम व् जीन पर खरीदारों की नजर

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के घोड़ा बाजार में इन दिनों घोड़ों के साथ-साथ उनसे जुड़े साज-सामान का बाजार भी पूरी तरह सज गया है। सड़क किनारे लगी दुकानों पर रात के उजाले में भी खरीदारों की चहल-पहल बनी हुई है।

बांस-बल्ली से बने अस्थायी स्टालों पर लाल, काले, गुलाबी और सुनहरे रंग की लगाम, रास, जीन, काठी, रकाब, चाबुक, घंटी-माला और सजावटी सामान टंगे हैं। नीचे जमीन पर बिछी चादरों पर भी जीन, गद्दियां, पट्टे और घोड़ों की सजावट का सामान सजा कर रखा गया है।

दुकानदार बताते हैं कि मेला में दूर-दूर से आने वाले घोड़ा मालिक सबसे पहले अपने घोड़े के लिए मजबूत लगाम, आरामदायक जीन और सजावटी सामान खरीदते हैं। किसी को घोड़े की शोभा बढ़ानी है तो किसी को लंबी यात्रा और दौड़ के लिए टिकाऊ सामान चाहिए। इसीलिए यहां सस्ते से लेकर महंगे और सादे से लेकर चमकदार डिजाइन तक हर तरह का सामान उपलब्ध है।

रात में भी दुकानों पर बल्ब की रोशनी में सामान चमकता नजर आता है। खरीदार सामान को हाथ में लेकर उसकी मजबूती परखते हैं, मोल-भाव करते हैं, फिर खरीदारी करते हैं। दुकानों पर बैठे कारीगर और विक्रेता ग्राहकों को सामान की खासियत समझाते भी दिखे। मेला में घोड़ों की बढ़ती आवक के साथ ही इस बाजार की रौनक भी बढ़ती जा रही है। घोड़ा बाजार का यह साज-सामान बाजार मेला की पुरानी परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की झलक भी पेश करता है, जहां घोड़ा सिर्फ सवारी नहीं, बल्कि शान और पहचान का प्रतीक माना जाता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *