Advertisement

​प्रगति मैदान में बिखरेगी झारखंड की लोकसंस्कृति, सिंहपुर के 18 कलाकार रवाना

रंजन वर्मा/​कसमार (बोकारो)। झारखंड की समृद्ध कला एवं संस्कृति को राष्ट्रीय फलक पर नई पहचान दिलाने की दिशा में बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड अंतर्गत सिंहपुर के कलाकारों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

जानकारी के अनुसार सिंहपुर स्थित जागो जगाओ सांस्कृतिक कला मंच के 18 सदस्यीय कलाकारों का दल देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईएफटी) 2026 में अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए रवाना हो गया है। ​नई दिल्ली के प्रगति मैदान में 13 से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित मेले में कलाकार झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

झारखंड सरकार के सांस्कृतिक कार्य निदेशालय रांची द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, इस दल को राज्य की पारंपरिक लोककला, लोकगीत और लोकनृत्य के माध्यम से झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया गया है।

रवाना होने से पूर्व कलाकार विनोद कुमार महतो ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इतने बड़े मंच पर झारखंड की पारंपरिक लोककला और संस्कृति को प्रस्तुत करने का अवसर मिलना पूरे दल और सिंहपुर गांव के लिए बेहद गर्व की बात है। हमारी पूरी कोशिश रहेगी कि हम अपनी प्रस्तुति से देश-विदेश के दर्शकों का दिल जीतें और झारखंड का मान बढ़ाएं।

​दल में शामिल कलाकारों के दल में विनोद कुमार महतो, अशोक कुमार, राजेश मुर्मू, अमर कुमार, बलराम महतो, काशीनाथ महतो, हरि महतो, बैजनाथ महतो, संजीत कुमार गंझू, प्रेमचन्द कालिंदी, धनंजय घांसी, अजय कुमार गंझू, पिंकी कुमारी, सुनीता कुमारी, नीलम कुमारी, अंजलि कुमारी, तनीषा उरांव और तनु उरांव शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को देश के सबसे बड़े व्यापार मेले के मंच पर अवसर मिलने से सिंहपुर सहित पूरे कसमार प्रखंड में हर्ष और गर्व का माहौल है। स्थानीय बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने सभी कलाकारों को शुभकामनाएं दी है।
​

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *