Advertisement

हरिहरक्षेत्र मेले में आकर्षण का केंद्र बना शिल्पकार का जीवंत शिल्पशाला

छेनी-हथौड़ी की थाप से पत्थर में प्राण फूंकता शिल्पकार, सजा आस्था व् कला दरबार

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला केवल पशु व्यापार का केंद्र नहीं है, बल्कि यह सदियों से शिल्प, आस्था और लोककला का भी संगम रहा है। मेले के एक कोने में नीली चादर पर सजी काले पत्थर की मूर्तियां और वहीं जमीन पर बैठकर छेनी-हथौड़ी से पत्थर को तराशता शिल्पकार हर आने-जाने वाले श्रद्धालु को ठिठकने पर मजबूर कर रहा है।

लाल दरी पर बिखरे पत्थर के टुकड़े, औजार और अधूरी मूर्तियां यह अहसास कराती हैं कि यहां केवल मूर्ति गढ़ी नहीं जा रही, बल्कि पत्थर में छिपे देवता को बाहर निकाला जा रहा है। गयाजी रहिवासी शिल्पकार नीलेश की सधी उंगलियों के बीच पत्थर धीरे-धीरे आकार ले रहा है। मेला दर्शक अपनी आंखों के सामने देख रहे हैं कि कैसे एक बेजान शिलाखंड पूजनीय विग्रह में परिवर्तित हो जाता है।

शिल्पकार नीलेश के सामने नीले कपड़े पर कतारबद्ध मूर्तियां सजी हैं। इनमें सर्वाधिक संख्या काले पत्थर के शिवलिंगों की है। छोटे-बड़े आकार के इन शिवलिंगों पर नाग, त्रिपुंड और जलधारी की बारीक नक्काशी श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके साथ ही भगवान शिव के वाहन नंदी की शांत मुद्रा में बैठी प्रतिमाएं हैं। वहीं, कमलासन में विराजमान बुद्ध की ध्यानमग्न और शांत मुखमुद्रा मेले की भीड़भाड़ के बीच शांति का संदेश दे रही है।

एक ओर भगवान विष्णु और अन्य देवी-देवताओं की काले पत्थर की मूर्तियां भी रखी हैं, जिनके आभूषण, मुकुट और हाथों की मुद्राएं शिल्पकार के सूक्ष्म कौशल को दर्शाती हैं। इन सबके बीच सफेद पत्थर से बनी लक्ष्मी की देवी की सवारी उल्लू की मूर्तियां सबसे अलग और आकर्षक दिख रही है। माता लक्ष्मी के वाहन के रूप में पूजी जाने वाली इन मूर्तियों पर की गई महीन जालीदार नक्काशी देखकर पर्यटक हैरान हैं कि कठोर पत्थर पर इतनी कोमल कारीगरी कैसे उकेरी गई होगी।

जीवंत शिल्पशाला बना मेला परिसर

उक्त शिल्पकार केवल मूर्तियां बेच नहीं रहा, बल्कि मेले में ही एक जीवंत शिल्पशाला चला रहा है। लाल दरी पर बैठकर वह दर्शकों के सामने ही पत्थर को छीलकर, घिसकर और तरासकर मूर्ति का रूप दे रहा है। बच्चे हों या बुजुर्ग, हर कोई कुछ देर रुककर इस कला को निहारता है और कौतूहल से पूछता है कि यह कैसे बनता है? यही इस शिल्प की सबसे बड़ी विशेषता है। न कोई मशीन, न कोई सांचा, केवल हाथ, अनुभव, छेनी-हथौड़ी और पत्थर को परखने वाली नजर।

शिल्पकार नीलेश का कहना है कि उपयुक्त पत्थर का चुनाव करना ही आधी कला है। जिस पत्थर में दरार न हो और जिसका कण (दाना) बारीक हो, वही मूर्ति निर्माण के योग्य होता है। यह सब राजस्थानी पत्थरों से निर्मित है। आस्था, परंपरा और आजीविका का संगम सोनपुर मेले में आने वाले श्रद्धालु इन मूर्तियों को अपने घर के मंदिर, पूजा-घर और प्रतिष्ठानों के लिए खरीदकर ले जा रहे हैं। कोई शिवलिंग ले जा रहा है, तो कोई नंदी, बुद्ध या माता लक्ष्मी के वाहन उल्लू की प्रतिमा। हर मूर्ति के साथ शिल्पकार की तपस्या, उसकी विरासत और आजीविका जुड़ी है।

यह कला केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही वह गुरु-शिष्य और पैतृक परंपरा है, जो पिता से पुत्र तक हस्तांतरित होती है। सोनपुर मेला इस लोककला को जीवित रखने का सबसे सशक्त मंच है, जहां शिल्पकार को पारखी दर्शक, खरीदार और अपनी साधना के लिए सम्मान तीनों मिलते हैं। मेले में सजी उपरोक्त प्रतिमाएं प्रमाण हैं कि हरिहरक्षेत्र की माटी में केवल व्यापार ही नहीं, बल्कि हाथों का वह जादू भी बसता है, जो पाषाण में प्राण फूंक देता है।

विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेले में गयाजी का एक शिल्पकार पत्थरों को तरासकर देवी – देवताओं की सूरत बना रहा है। यह दृश्य मेला परिसर स्थित क्रॉफ्ट ग्राम की है। ग्राम के बीचोबीच बैठकर शिल्पकार नीलेश तन्मय होकर अपनी कारीगरी को मूर्त रूप देने में व्यस्त है। शिल्पकार के अनुसार देवी काली की मूर्ति ₹1800 एवं उससे छोटी भगवान विष्णु की मूर्ति ₹2500 मूल्य निर्धारित है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *