Advertisement

दीपावली पर ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों की एसडीपीओ ने की सराहना

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। सुखद यह कि बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल क्षेत्र से किसी प्रकार की अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। उक्त बाते बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीपीओ) रविंद्र कुमार सिंह ने 9 नवंबर को कही।

दीपावली का त्योहार जहां आम व खास जन अपने परिवार और प्रियजनों के साथ खुशियां मना रहे थे, वहीं बेरमो अनुमंडल के पुलिस के कई अधिकारी एवं कर्मचारी आम जनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए त्योहार की रात भी ड्यूटी पर मुस्तैद रहे। ऐसे कर्मियों के समर्पण और त्याग की सराहना करते हुए एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह ने उन्हें और उनके परिवारों को विशेष रूप से साधुवाद दिया तथा दीपावली की शुभकामनाएं दी। दीपावली पर अपने संदेश में एसडीपीओ सिंह ने कहा कि दीपावली की रात ड्यूटी पर तैनात पुलिस प्रशासन के कई साथियों ने अपने परिवार के बिना ही त्योहार मनाया। उनके घरों में भी परिजनों ने इंतजार किया होगा कि वे आएं तो साथ मिलकर दीप जलाएं, लेकिन कई परिवारों में अपनों के नाम से ही दीप जले होंगे।

उन्होंने कहा कि ऐसे सभी साथियों के त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के लिए वे आभार व्यक्त करते हैं। एसडीपीओ ने अनुमंडल क्षेत्र में शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण तरीके से दीपावली मनाने के लिए अनुमंडल वासियों को बधाई दी। कहा कि अनुमंडल वासियों ने अपनी खुशियों के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा, जो सराहनीय है। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि उनकी कामना है कि अनुमंडल के प्रत्येक घर में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। जिन परिवारों के लिए यह वर्ष कठिनाइयों भरा रहा है, उनके जीवन में दीपावली का यह दीप राहत और खुशियां लेकर आए। वहीं, किसी कारणवश निराशा में जीवन बिता रहे रहिवासियों के मन में भी यह पर्व नई उम्मीद और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे। उन्होंने अनुमंडल वासियों को दीपावली की शुभकामना देते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *