अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर स्थित श्रीगजेन्द्र मोक्ष देवस्थानम् (नौलखा मंदिर) में 9 नवम्बर को कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर गोवर्धन महोत्सव सह अन्नकूट महामहोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
इस अवसर पर भगवान श्रीगजेन्द्र मोक्ष का सहस्त्र धारा, पद्मधारा और चक्रधारा से दिव्य औषधियों एवं दिव्य रस-रसायनों से महाभिषेक किया गया। इसके बाद दिव्य श्रृंगार हुआ। श्रद्धालुओं द्वारा गाय के गोबर से गोवर्धन भगवान की मूर्ति बनाकर षोडशोपचार विधि से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विशेष पूजन किया गया। भगवान को 56 भोग समर्पित किए गए।
कार्यक्रम में सोनपुर के विधायक विनय सिंह, अरुण कुमार, राज कुमार, रतन कुमार कर्ण, बबलू तिवारी, भोला सिंह, आदित्य कुमार सिंह, डॉ अनिल कुमार सिंह, सोहन राय, नन्द कुमार राय, राज कुमार झा, दिलीप झा, विनय चौबे, डॉ रामाधार राय, कान्ति देवी, नीलिमा कर्ण, अहिल्या देवी, सूर्यकांत देवी, गायत्री देवी, ज्ञानती सिंह, अनीता देवी, सुनीता सिंह सहित मुजफ्फरपुर, पटना, आरा, बिहटा, छपरा और सोनपुर से सैकड़ों की संख्या में भक्तजन उपस्थित थे।
इस अवसर पर समस्त श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी लक्ष्मणाचार्य ने कहा कि देवराज इन्द्र के अभिमान को चूर्ण करने के लिए भगवान गोवर्धन बने थे। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के पूर्व ग्वाल-बाल इन्द्र का पूजन करते थे और 56 भोग इन्द्र को समर्पित करते थे, लेकिन बाद में भगवान ने इन्द्र का पूजन बंद कराकर गोवर्धन भगवान का पूजन एवं भोग अर्पित करवाना शुरू कराया। इससे नाराज होकर देवराज इन्द्र ने व्रज में मूसलाधार वर्षा शुरू कर दी, जिसके कारण भगवान श्रीकृष्ण को अपनी कानी अंगुली पर गोवर्धन उठाना पड़ा।

स्वामी लक्ष्मणाचार्य ने कहा कि मानव जीवन में अभिमान सबसे बड़ा बाधक है, इसलिए किसी को अभिमान नहीं करना चाहिए। भागवत अमानी हैं, दूसरों को मान प्रदान करते हैं। कहा कि धर्म से कभी खिलवाड़ नहीं करना चाहिए, धर्म ही मानव का वास्तविक रक्षक है। धर्म की निन्दा करने वालों का भागवत सर्वनाश करते हैं।
इस अवसर पर गौ माताओं का पूजन कर उन्हें 56 भोग खिलाए गए। अंत में आयोजित महाभण्डारा कार्यक्रम में हजारों भक्तों ने भगवान का प्रसाद ग्रहण किया। गोवर्धन भगवान की मूर्ति को पालकी में रखकर भक्तों ने परिक्रमा लगाई।
![]()













Leave a Reply