बांद्रा पूर्व में सबसे खराब वायु गुणवत्ता, मनपा ने सभी 26 वार्डों में चलाए धूल नियंत्रण वाहन
कार्यालय संवाददाता/मुंबई। दीपोत्सव के बाद मुंबई की हवा की गुणवत्ता में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। पटाखों के धुएं और उनसे निकलने वाले सूक्ष्म प्रदूषक कणों के कारण सोमवार सुबह शहर के कई इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह 9 बजे मुंबई का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 171 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। हालांकि, शहर के आठ निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई 200 के पार पहुंच गया, जिससे इन क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
बांद्रा पूर्व, चेंबूर और देवनार में प्रदूषण का खतरा बढ़ा
प्रदूषण से सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में बांद्रा पूर्व का खेरवाड़ी क्षेत्र शामिल रहा, जहां एक्यूआई 265 दर्ज किया गया। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में 232, शिवड़ी में 229, देवनार में 228, घाटकोपर में 221, नेवी नगर और मानखुर्द के शिवाजी नगर में 220 तथा चेंबूर में 215 एक्यूआई दर्ज किया गया। इन क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही। विशेषज्ञों के अनुसार, पटाखों से निकलने वाले पीएम 2.5 जैसे सूक्ष्म कण हवा में लंबे समय तक बने रह सकते हैं। ये कण सांस के माध्यम से फेफड़ों के भीतर पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा कर सकते हैं। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए प्रदूषित हवा अधिक खतरनाक मानी जाती है।
मनपा ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए शुरू किया अभियान
वायु प्रदूषण को कम करने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (मनपा) ने शहर के सभी 26 वार्डों में धुंध छिड़काव और पानी का छिड़काव करने वाले वाहनों को तैनात किया। अधिकारियों के अनुसार, इन वाहनों ने रातभर विभिन्न इलाकों में काम किया। वर्ली, मालाड, अंधेरी और घाटकोपर जैसे क्षेत्रों में विशेष रूप से छिड़काव किया गया।बीएमसी का उद्देश्य हवा में मौजूद धूल और प्रदूषणकारी कणों को कम करना है।
विशेषज्ञों ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रदूषण बढ़ने के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। सुबह और रात के समय खुले में व्यायाम करने से परहेज करें तथा सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें। दिवाली के बाद प्रदूषण में हुई यह वृद्धि मुंबई के लिए एक गंभीर पर्यावरणीय चुनौती बनकर सामने आई है।
Tegs: #Mumbai’s air turned polluted after Diwali; AQI crossed 200 in several areas.
![]()













Leave a Reply