अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। दीपावली का पर्व इस बार सारण जिले के महादलित टोलों में कुछ खास अंदाज में मनाया गया। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार स्वयं इन बस्तियों में पहुंचे और रहिवासियों के साथ दीप जलाकर खुशियां साझा की।
खास यह कि इतने बड़े अधिकारीयों को अपने बीच पाकर दलित टोलों के रहिवासियों के चेहरे खिल उठे। बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी, वहीं बुजुर्गों की आंखों में अपनापन झलक रहा था।
बताया जाता है कि 8 नवंबर की संध्या बेला में सारण जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने बस्ती के रहिवासियों के साथ मिलकर दीप प्रज्ज्वलित किए। दीपों की रोशनी से पूरा टोला जगमगा उठा। इस दौरान अधिकारियों ने उपस्थित रहिवासियों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा उपस्थित बच्चों के बीच मिठाइयां, मोमबत्तियां, फुलझड़ियां और पटाखे वितरित किए गए। मिठाई और पटाखे पाकर बच्चे खुशी से झूम उठे। उन्होंने अधिकारीयों के साथ मिलकर फुलझड़ियां जलाईं और जमकर आतिशबाजी की। बस्ती में ऐसा माहौल बना, मानो पूरा परिवार एक साथ त्योहार मना रहा हो। महिलाओं और बुजुर्गों ने भी अधिकारियों के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार की सराहना की।
ज्ञात हो कि, जिलाधिकारी के निर्देश पर दीपावली का यह उत्सव केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे जिले में मनाया गया। जिला स्तरीय, अनुमंडल स्तरीय और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने विभिन्न बस्तियों में पहुंचकर वंचित और कमजोर वर्ग के रहिवासियों के साथ दिवाली मनाई। अधिकारियों ने बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय रहिवासियों के बीच मिठाइयां वितरित की और उनके साथ दीप जलाए।
इसी क्रम में कई जगहों पर पदाधिकारियों ने आमजनों के घर जाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कहीं सामूहिक रूप से दीप जलाए गए, तो कहीं बच्चों के साथ मिठाइयां बांटी गईं। इस पहल से प्रशासन और आम जनों के बीच की दूरी कम होती नजर आई।
मौके पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने दिवाली की बधाई देते हुए कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारा और समानता का संदेश देने वाला पर्व है। समाज के अंतिम पैदा तक खुशियां पहुंचें, यही सच्ची दीपावली है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी परिवार त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने रहजवासियों से सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से त्यौहार मनाने की अपील की। उन्होंने बच्चों को पटाखे सावधानी से जलाने की सलाह दी और कहा कि पुलिस हमेशा ही आमजनों की सुरक्षा के लिए तत्पर है। कुल मिलाकर, इस बार की दीपावली महादलित टोलों के रहिवासियों के लिए यादगार बन गई। दीपों की रोशनी, बच्चों की मुस्कान और अधिकारीयों का अपनापन, सबने मिलकर पर्व को और भी खास बना दिया।
![]()













Leave a Reply