Advertisement

लोखंडवाला के रनवाल टावर की 17वीं मंजिल पर लगी भीषण आग

लिफ्ट में फंसे 56 वर्षीय सुरक्षा गार्ड की दम घुटने से मौत

विशेष संवाददाता/मुंबई। अंधेरी पश्चिम के लोखंडवाला इलाके की एक ऊंची रिहायशी इमारत में शनिवार रात भीषण आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा रनवाल टावर की 17वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 1701 में हुआ। आग से निकले घने धुएं के कारण इमारत में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान 56 वर्षीय सुरक्षा गार्ड धनपत महातू के रूप में हुई है। वह आग के दौरान लिफ्ट में फंस गए थे। उन्हें बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया और कूपर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसे देखते हुए मुख्य दमकल अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि आग लगने की स्थिति में लिफ्ट के बजाय सीढ़ियों या निर्धारित इमरजेंसी निकासी व्यवस्था का इस्तेमाल करें। साथ ही दीये को पर्दों और ज्वलनशील वस्तुओं से दूर रखने की सलाह दी है।

मुंबई दमकल विभाग के अनुसार, शनिवार रात करीब 9.50 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की चार गाड़ियों और अन्य अग्निशमन उपकरणों को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया। आग फ्लैट के बिजली के तारों, इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन और घरेलू सामान तक सीमित थी। दमकलकर्मियों ने करीब 10.37 बजे आग पर काबू पा लिया। इस दौरान पुलिस, एंबुलेंस और बीएमसी के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे।

प्रारंभिक जांच में फ्लैट के पूजा घर में जल रहे दीये से आग लगने की आशंका जताई गई है। बताया गया कि आग लगने के समय परिवार के सदस्य बाहर भोजन करने गए थे। घर में मौजूद बुजुर्ग माता-पिता को घरेलू सहायक ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दमकल अधिकारियों के अनुसार, धुआं फैलने के दौरान सुरक्षा गार्ड लिफ्ट में चले गए, लेकिन लिफ्ट बंद होने के कारण अंदर फंस गए। दम घुटने से उनकी मौत हो गई। घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Tegs: #Major fire breaks out on the 17th floor of Runwal Tower in Lokhandwala

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *