Advertisement

सोमवती अमावस्या पर बाबा हरिहरनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में सोमवती अमावस्या और गोवर्धन पूजन के पावन अवसर पर 9 नवंबर को भक्ति का अलौकिक समागम देखने को मिला। नारायणी नदी के पावन संगम तट पर स्थित हरिहर क्षेत्र का यह दरबार शिवमय और विष्णुमय आभा से सराबोर हो उठा।

मंदिर परिसर में सोमवती अमावस्या के दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने पवित्र नारायणी नदी में आस्था की डुबकी लगाई और मंदिर के गर्भगृह में स्थित अद्वितीय शिवलिंग का दर्शन किया। न्यास समिति के अनुसार इस शिवलिंग की विशेषता यह है कि इसमें आधे भाग में भगवान विष्णु (हरि) और आधे भाग में भगवान शिव (हर) समाहित हैं।भक्तों ने फूल, चंदन, भांग और अन्य दिव्य सामग्रियों से बाबा का पूजन-अर्चन किया।

मनमोहक श्रृंगार के दिव्य दर्शन से श्रद्धालु अभिभूत नजर आए। संध्याकाल में शंखनाद, घंटियों की मधुर गूंज और सैकड़ों दीपों की जगमगाहट के बीच बाबा की दिव्य महाआरती उतारी गई। आरती के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

गोवर्धन पूजन और छप्पन भोग का आयोजन आज

रहिवासी श्रद्धालुओं के अनुसार सोमवती अमावस्या के अलौकिक दर्शन के अगले दिन 10 नवंबर को मंदिर परिसर में गोवर्धन पूजा (अन्नकूट) का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन पर्वत उठाने की दिव्य लीला की स्मृति में बाबा हरिहरनाथ को शुद्ध घी और सात्विक सामग्रियों से तैयार 56 प्रकार के विशेष व्यंजनों का छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। महाप्रसाद के दर्शन और वितरण के लिए भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *