एस. पी. सक्सेना/बोकारो थर्मल। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (धरती आबा जन्मजयंती) के अवसर पर देश भर में मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस के अंतर्गत बोकारो जिला के हद में केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में बीते एक नवंबर से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़ा का आयोजन किया गया। पखवाड़े के दौरान विद्यालय में भारतीय जनजातीय संस्कृति, कला, इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उनके अद्वितीय योगदान को रेखांकित करने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं और शैक्षणिक गतिविधियों का प्राचार्य डॉ बी.आर. डे के कुशल मार्गदर्शन में सफल आयोजन किया गया।
भगवान बिरसा मुंडा पखवाड़े के समापन एवं जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य अवसर पर 15 नवंबर को विद्यालय प्रांगण जनजातीय संस्कृति के रंगों से सराबोर नजर आया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्रा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा एवं अन्य महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा धारण कर विद्यालय में उपस्थित हुए। बच्चों का यह पारंपरिक वेशभूषा और उत्साह सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा, जिससे संपूर्ण परिसर में देशभक्ति और सांस्कृतिक गौरव का वातावरण सृजित हुआ।
इस अवसर पर आयोजित विशेष सभा को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी.आर. डे ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, उनके संघर्षों और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में उनके अप्रतिम योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक जननायक नहीं थे, बल्कि वे भारतीय स्वाधीनता, अस्मिता और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के अप्रतिम प्रतीक थे। कम उम्र में ही उन्होंने ब्रिटिश साम्राज्यवादी नीतियों और महाजनों के शोषण के खिलाफ उलगुलान’ (क्रांति) का बिगुल फूंका। कहा कि आज की युवा पीढ़ी को उनके अदम्य साहस, समाज सुधार के कार्यों और राष्ट्र प्रेम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन विद्यार्थियों में अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय नायकों के प्रति आदर भाव जागृत करने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर बढ़ावा देता है। ज्ञात हो कि जनजातीय गौरव पखवाड़ा (1 से 15 नवंबर) के दौरान विद्यालय में बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता, जनजातीय नायकों के संघर्ष पर भाषण और कविता पाठ, पारंपरिक जनजातीय लोकनृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां तथा झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक थाती और इतिहास पर आधारित विशेष शैक्षणिक सत्र शामिल है।
समापन दिवस कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लिया। प्राचार्य के अनुसार इस सफल आयोजन से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अपनी ऐतिहासिक जड़ों और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ने का एक अनूठा अवसर प्राप्त हुआ।
![]()













Leave a Reply