जयंती पर बीडीओ व सीओ ने अर्पित की पुष्पांजलि
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड मुख्यालय परिसर में भव्य श्रद्धांजलि सह माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नम्रता जोशी एवं अंचल अधिकारी (सीओ) नरेंद्र कुमार सिंह ने प्रखंड कर्मियों और स्थानीय गणमान्य जनों के साथ मिलकर भगवान बिरसा मुंडा के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण नमन किया।
जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों ने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए किए गए उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया तथा उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नम्रता जोशी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि संघर्ष, स्वाभिमान और सामाजिक न्याय की एक अमर विचारधारा हैं। उन्होंने कम उम्र में ही अन्याय और शोषण के खिलाफ जो उलगुलान छेड़ा, वह आज भी हमें जनसेवा और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े झारखंडवासियों के उत्थान के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर हमारी यही प्राथमिकता है कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ हर पात्र रहिवासी तक पहुंचे। यही धरती आबा के सपनों के झारखंड निर्माण की दिशा में हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि धरती आबा ने जल, जंगल और जमीन की अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज झारखंड स्थापना दिवस के दिन हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम समाज में आपसी भाईचारा, समरसता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि कसमार प्रखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर सके। मौके पर प्रखंड व अंचल कार्यालय के सभी पदाधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय रहिवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply