Advertisement

डीसी-एसपी ने छठ घाटों का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था का लिया जायजा

टू टैंक गार्डन, कुलिंग पाउंड, सूर्य मंदिर व् गरगा नदी छठ घाट पहुंचे अधिकारीगण

आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा भी गरगा नदी घाट में सुविधा व् सुरक्षा का लिया जायजा

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा ने 15 नवंबर को जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने टू टैंक गार्डन, कुलिंग पौण्ड, सूर्य मंदिर चास एवं गरगा नदी छठ घाट पहुंचकर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बताया जाता है कि निरीक्षण क्रम में डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि समस्त बोकारोवासी छठ महापर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मना सकें, इसके लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की पूरी टीम विभिन्न छठ घाटों का लगातार निरीक्षण कर रही है। कहा कि विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

उन्होंने कहा कि जिले में चारों ओर आस्था का महासागर उमड़ पड़ा है। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, निष्ठा एवं विश्वास के साथ छठ महापर्व मना रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से समस्त बोकारोवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं। मौके पर एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि बोकारो के विभिन्न छठ घाटों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

सभी छठ घाटों पर शांति एवं विधि-व्यवस्था कायम है। श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर रहे हैं। प्रशासन एवं पुलिस की टीमें लगातार सभी घाटों की निगरानी कर रही हैं, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। जानकारी के अनुसार गरगा नदी छठ घाट पर उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने भी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व् कर्मी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *