रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार एवं पेटरवार प्रखंड के आसपास के क्षेत्रों में लोक आस्था एवं सूर्योपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ के दूसरे दिन बीते 14 नवंबर को छठ व्रतियों ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ खरना की रस्म निभाई। वहीं तीसरे दिन 15 नवंबर को श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से छठ घाटों पर संध्या अर्घ अर्पित की।
बताया जाता है कि इस दौरान व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार रसियाव (गुड़ की खीर) सहित विभिन्न प्रसाद तैयार किए। छठ महापर्व की प्राचीन परंपराओं का निर्वहन करते हुए प्रसाद को आम की लकड़ी से जलने वाले मिट्टी के चूल्हे पर पूरी पवित्रता और शुद्धता के साथ बनाया गया। दिनभर धार्मिक अनुशासन एवं पवित्रता का पालन करने के बाद शाम को छठ व्रतियों ने निर्धारित विधि-विधान के अनुसार खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत की शुरुआत हो गई।

खरना की रस्म के दौरान कई घरों में अलग एवं एकांत कमरे में विशेष पूजा-अर्चना की गई। वहीं, छठ पूजा के पारंपरिक गीतों से आसपास का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
तीसरे दिन संध्या बेला को छठ व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित की। इस अवसर पर पेटरवार के रघुनाथपुरम स्थित रमधनिया तालाब, खत्री टोला के राजा तालाब, भोगी तालाब, बुंडू पंचायत के मेला टांड़, कुंजिया तालाब, अम्बागढ़ तट सहित विभिन्न जलाशयों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया एवं भगवान सूर्य से सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता की कामना की।

इस अवसर पर गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने छठ महापर्व की सभी श्रद्धालुओं, क्षेत्रवासियों एवं प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान सूर्य की उपासना, लोक आस्था एवं छठी मैया की आराधना का यह महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं आरोग्यता का संचार करे। भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया सभी श्रद्धालुओं पर अपनी कृपा बनाए रखें, यही उनकी प्रार्थना है।
![]()













Leave a Reply