Advertisement

केईएम अस्पताल का लिफ्ट बंद, प्लास्टर लगे मरीज को सीढ़ियों से उतरने की नौबत

एक सप्ताह से ठप है ऑर्थोपेडिक विभाग, मरीजों की परेशानी से स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष नाराज

कार्यालय संवाददाता/मुंबई। मुंबई महानगरपालिका के प्रतिष्ठित केईएम अस्पताल में लिफ्ट बंद होने के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के सेठ धुरमल बजाज अस्थिव्यंग केंद्र की लिफ्ट पिछले सात से आठ दिनों से बंद बताई जा रही है। इसका सबसे अधिक खामियाजा फ्रैक्चर, दिव्यांगता और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। इस बीच पैर में प्लास्टर लगे एक बुजुर्ग मरीज का सीढ़ियों पर बैठकर एक-एक पायदान नीचे उतरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

मरीजों की सुरक्षा पर उठे सवाल

वायरल वीडियो में पैर में प्लास्टर लगाए एक बुजुर्ग मरीज सीढ़ियों पर बैठकर धीरे-धीरे नीचे उतरते दिखाई दे रहे हैं। लिफ्ट बंद होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बुजुर्गों, दिव्यांगों और ऑपरेशन के बाद इलाज करा रहे मरीजों के लिए यह स्थिति बेहद जोखिमपूर्ण है। सीढ़ियों से उतरते समय मरीज के गिरने या चोट बढ़ने की आशंका भी बनी रहती है।

स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष ने दिए कार्रवाई के निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई महानगरपालिका की सार्वजनिक स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरीश भांदिर्गे ने नाराजगी जताई है। उन्होंने यांत्रिक एवं विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर पद से हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब लिफ्ट खराब थी तो समय रहते उसकी मरम्मत क्यों नहीं कराई गई? लिफ्ट बदलने या मरम्मत के प्रस्तावों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

6 नवंबर को निकला था टेंडर

शिवसेना (शिंदे गुट) के नगरसेवक अमेय घोले ने भी अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनके मुताबिक, केईएम अस्पताल की विभिन्न लिफ्टों की सुरक्षा और मरम्मत के लिए 6 नवंबर को टेंडर जारी किया गया था। उन्होंने मांग की है कि बंद लिफ्टों को तत्काल चालू किया जाए तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई हो। अब सवाल यह है कि मुंबई के प्रमुख सरकारी अस्पताल में मरीजों को बुनियादी सुविधा के लिए भी इस तरह की परेशानी क्यों झेलनी पड़ रही है। अस्पताल प्रशासन की ओर से लिफ्ट पूरी तरह कब चालू होगी, इस संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आना बाकी है।

Tegs: #KEM Hospital lift out of service; patient in a plaster cast forced to use the stairs


Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *