Advertisement

बहादुरपुर से खैराचातर तक मार्ग दुर्घटना जोन, भारतमाला के डंपरों से हादसों का खतरा

सड़क किनारे बेतरतीब खड़े भारी वाहनों से भी हो सकता है हादसा-अमरेश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बहादुरपुर से खैराचातर तक जाने वाली सड़क इन दिनों दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रही है। भारतमाला परियोजना के तहत सड़क निर्माण कार्य में लगे डंपर एवं अन्य भारी वाहनों को सड़क के किनारे बेतरतीब ढंग से खड़ा कर दिया जा रहा है। इसके कारण इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और विशेषकर मोटरसाइकिल सवारों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

स्थानीय रहिवासियों का कहना है कि भारतमाला परियोजना के निर्माण कार्य में लगे डंपरों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करने के बजाय सड़क के किनारे खड़ा कर दिया जाता है। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होता है। रात के अंधेरे में सड़क किनारे खड़े डंपर दूर से दिखाई नहीं देने के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए विशेष रूप से खतरनाक साबित हो सकते हैं। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो किसी दिन गंभीर हादसा हो सकता है।

इस मामले को लेकर कई बार आंदोलन कर चुके दुर्गापुर पंचायत के मुखिया अमरेश कुमार महतो ने आम राहगीरों की परेशानी को लेकर आवाज उठाते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी का ध्यान आकृष्ट कराया है। इसके बावजूद यदि सड़क किनारे भारी वाहनों को खड़ा करने की समस्या बनी हुई है, तो यह स्थानीय ग्रामीणों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

मुखिया अमरेश कुमार महतो का कहना है कि सड़क आम जन के सुरक्षित आवागमन के लिए है, न कि भारी वाहनों की पार्किंग के लिए। कहा कि भारतमाला परियोजना का निर्माण विकास के उद्देश्य से हो रहा है, लेकिन विकास कार्य के नाम पर आम रहिवासियों की जान जोखिम में नहीं डाली जा सकती। डंपरों को सड़क किनारे खड़ा करने से सबसे अधिक खतरा मोटरसाइकिल चालको, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और पैदल चलने वाले राहगीरों को है। संबंधित निर्माण एजेंसी को तत्काल इस समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए।

उन्होंने बोकारो जिला प्रशासन से मांग की कि सड़क किनारे खड़े डंपरों को हटाकर निर्धारित स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था की जाए। रात में वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर और चेतावनी लाइट लगाई जाए तथा निर्माण कार्य वाले क्षेत्रों में सुरक्षा संकेतक और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस प्रशासन और भारतमाला परियोजना के संबंधित अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।रहिवासियों का कहना है कि किसी बड़ी दुर्घटना या जानमाल के नुकसान का इंतजार करने के बजाय अभी से ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। आखिरकार सड़क पर चलने वाले राहगीरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? यह सवाल अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *