Advertisement

नृत्य कला के प्रति जुनून व् समर्पण की पहचान बने कसमार के रोहन मुंबई में दे रहे प्रशिक्षण

क्लासिकल से बॉलीवुड व् हिपहॉप में महारत, नृत्य के क्षेत्र में भविष्य सवारने को तैयार

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। प्रतिभा, मेहनत और जुनून के दम पर ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी बड़े शहरों में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। इसका उदाहरण बोकारो जिला के हद में कसमार के रहने वाले रोहन ठाकुर हैं, जो इन दिनों मुंबई में रहकर नृत्य कला के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

नृत्य के प्रति बचपन से ही विशेष लगाव रखने वाले रोहन आज न केवल विभिन्न नृत्य शैलियों में अपनी पहचान बना रहे हैं, बल्कि युवक-युवतियों को नृत्य का प्रशिक्षण देकर उनके भविष्य को भी संवारने का प्रयास कर रहे हैं।

रोहन कसमार रहिवासी गोलकनाथ ठाकुर एवं माता कलेश्वरी देवी के पुत्र हैं। नृत्य के प्रति उनकी दीवानगी और समर्पण उन्हें दूसरों से अलग पहचान दिलाती है। वर्तमान में मुंबई में रहकर वे नृत्य प्रशिक्षण एवं विभिन्न कार्यक्रमों में अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका उद्देश्य युवाओं के अंदर छिपी नृत्य प्रतिभा को पहचानकर उसे उचित मंच प्रदान करना है, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के युवक-युवतियां भी नृत्य के क्षेत्र में अपना बेहतर भविष्य बना सकें।

रोहन पारंपरिक नृत्य शैली, क्लासिकल डांस, भरत नाट्यम, बॉलीवुड, हिपहॉप, जैज, कंटेंपरेरी, सालसा, जीबी एवं गरबा डांस जैसी विभिन्न विधाओं में महारत रखते हैं। वे स्कूल, कॉलेज, शादी-विवाह एवं व्यावसायिक आयोजनों में भी अपनी नृत्य प्रस्तुति देकर आम दर्शकों की सराहना प्राप्त करते हैं। सोशल मीडिया फेसबुक पर भी उनके डांस वीडियो देखे जा सकते हैं।

ज्ञात हो कि रोहन के परिवार में पिता गोलकनाथ ठाकुर, माता कलेश्वरी देवी तथा भाई लोकनाथ ठाकुर हैं। उनकी पत्नी ममता कुमारी हैं। रोहन का विवाह 10 दिसंबर 2024 को आकृति कुमारी के साथ कसमार में पारंपरिक वैदिक विधि-विधान से अंतरजातीय विवाह के रूप में संपन्न हुआ था। उनकी पत्नी आकृति भी नृत्य कला में पारंगत हैं तथा एक शिक्षिका के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं। इस प्रकार दोनों का नृत्य कला के प्रति लगाव परिवार में भी रचनात्मक माहौल को दर्शाता है।

रोहन का प्रयास है कि नृत्य को केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि इसे युवाओं के लिए रोजगार और करियर का एक बेहतर माध्यम बनाया जाए। वे प्रशिक्षण के माध्यम से युवक-युवतियों को नृत्य की बारीकियां सिखा रहे हैं और उन्हें मंच पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार कर रहे हैं। कसमार जैसे ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर मुंबई में अपनी कला के माध्यम से पहचान बनाना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

रोहन की इन उपलब्धियों और नृत्य के क्षेत्र में उनके समर्पण को लेकर कसमार क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उन्हें बधाई देने वालों में कमलेश जायसवाल एवं गोलक ठाकुर सहित कई शुभचिंतक शामिल हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि रोहन ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके माध्यम से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी अपनी प्रतिभा निखारने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *