Advertisement

बोकारो के सेक्टर थर्ड सी झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थिति में मिला युवक का शव

शव के पास से शराब की खाली बोतलें बरामद, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर थर्ड सी स्थित एक झोपड़ी में 10 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मामले की जानकारी देते हुए सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिटी डीएसपी के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, बीएस सिटी थाना पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि सेक्टर थर्ड सी की एक झोपड़ी में एक शव पड़ा है।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी ममता कुमारी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच और छानबीन के दौरान मृतक के पास से कई डिस्पोजल ग्लास और शराब की खाली बोतलें पाई गईं, जिससे प्रथम दृष्टया अत्यधिक शराब के सेवन का अंदेशा जताया जा रहा है।

डीएसपी राजीव रंजन ने परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि मृतक की भतीजी की मां (मृतक की भाभी) का बीती रात निधन हो गया था। इस बात की सूचना देने के लिए उसकी भतीजी सुबह झोपड़ी में आई थी। उस समय मृतक बाहर धूप सेक रहा था और उसने बताया था कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है तथा सीने में तेज दर्द हो रहा है। परिजनों ने यह भी खुलासा किया कि मृतक का पुराना मेडिकल रिकॉर्ड काफी खराब था और वह लंबे समय से लिवर व किडनी से संबंधित गंभीर बीमारियों से जूझ रहा था।

सिटी डीएसपी ने स्पष्ट किया कि हालांकि प्रारंभिक जांच और परिस्थितियों से अत्यधिक शराब के सेवन व बीमारी से मौत की आशंका लग रही है, लेकिन मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया और छानबीन तेज कर दी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *